इस्राइल के अशदोद शहर में जुलाई के आरंभ में जन्मी एक बच्ची के पेट में जुड़वां भ्रूण मिलने का अनूठा मामला सामने आया है। डॉक्टरों ने सर्जरी कर बच्ची के पेट से इन भ्रूणों को निकाल दिया है। इस्राइली चिकित्सकों के अनुसार पांच लाख नवजात शिशुओं में से किसी एक में ऐसा मामला सामने आता है।
इस बच्ची का जन्म अस्सुता मेडिकल सेंटर में हुआ था। गर्भावस्था के अंतिम सप्ताहों में बच्ची की मां की अल्ट्रासाउंड जांच की गई थी। इसमें पाया गया कि गर्भस्थ बच्ची का पेट दूसरे बच्चों की तुलना में बड़ा है। मां की प्रसूति के बाद जन्मी नवजात बच्ची के बड़े पेट को देखते हुए डॉक्टरों ने उसकी अल्ट्रासाउंड जांच व एक्स-रे कराया। इसमें पता चला कि नवजात के पेट में जुड़वां भ्रूण पल रहा है।
सर्जरी करके भ्रूण को निकाला गया
अस्सुता मेडिकल सेंटर के नवजात शिशु रोग विभाग के प्रमुख डॉ. ओमर ग्लोबस के अनुसार बच्ची के पेट में जुड़वां भ्रूण होने की पुष्टि के बाद हम हैरान रह गए थे। इसके बाद विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में हमने नवजात बच्ची की सर्जरी की और उसके पेट से भ्रूण को निकाल दिया। भ्रूण पूरी तरह से विकसित नहीं हुआ था लेकिन उसमें हड्डियां और हार्ट बनने लगे थे। बच्ची की कामयाब सर्जरी के बाद जच्चा व बच्चा को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। महिला के पहले से तीन बच्चे हैं।
आखिर कैसे पहुंचा नवजात के पेट में भ्रूण
डॉक्टरों का कहना है कि नवजात के पेट में भ्रूण पहुंचने को लेकर कई तरह की चिकित्सकीय जानकारियां हैं। दरअसल किसी महिला के गर्भवती होने के दौरान दो भ्रूण बन सकते हैं। जब ये भ्रूण विकसित होते हैं तो एक भ्रूण दूसरे के अंदर चला जाता है और भ्रूण के अंदर भ्रूण का मामला बन जाता है।