तुर्की ने चीन की कोविड-19 वैक्सीन से अपने यहां टीकाकरण करने की तैयारी कर ली है। यहां की स्वास्थ्य मंत्री फहरेत्तिन कोजा ने गुरुवार को कहा कि तुर्की को कुछ दिनों में चीन की सिनोवैक (Sinovac) वैक्सीन की पहली खेप मिलने वाली है। उल्लेखनीय है कि तुर्की में किए गए ट्रायल में इस वैक्सीन की प्रभावकारिता 91 फीसदी सामने आई थी।
कोजा ने कहा कि उनकी सरकार आने वाले कुछ दिनों में फाइजर-बायोएनटेक की वैक्सीन की 45 लाख खुराकों के लिए सौदे पर दस्तखत करेगी। चीन की वैक्सीन के मामले में तुर्की को इसकी 30 लाख खुराक मिलेंगीं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि टीकाकरण में सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मी और कोविड से ज्यादा प्रभावित लोगों को शामिल किया जाएगा।
बता दें कि तुर्की में सिनोवैक का ट्रायल 7371 वॉलंटियर्स पर किया गया था। इसमें इसकी प्रभावकारिता 91.25 फीसदी सामने आई थी। अभी वैक्सीन का तीसरे चरण का ट्रायल पूरा नहीं हो पाया है। तुर्की में कोरोना संक्रमण के अभी तक 22 लाख मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा यहां इस जानलेवा बीमारी से 19,115 लोगों की मौत भी हो चुकी है।