अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर गोलीबारी
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अमेरिका में इस साल आम चुनाव के लिए मतदान होना है। उससे पहले सभी सियासी दलों के नेता जोर-शोर से अपने प्रचार में जुटे हैं। इस बीच, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर गोलीबारी की गई। अधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारी की पहचान थॉमस मैथ्यू क्रुक्स के रूप में हुई है, जो रिपब्लिन पार्टी से जुड़ा हुआ था। उसकी उम्र 20 साल थी और वह नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव में पहली बार मतदान करने वाला था।
बेथेल पार्क का रहने वाला था क्रुक्स
अधिकारियों ने कहा कि क्रुक्स पिट्सबर्ग के बेथेल पार्क उपनगर में रहता था। ये जगह ट्रंप के रैली स्थल से करीब 56 किलोमीटर दक्षिण में हैं। ट्रंप रैली में ऊंचे स्थान पर थे। इस दौरान पर क्रुक्स ने गोली चलाई। जिसके बाद सीक्रेट सर्विस के कर्मियों ने उसे गोली मारकर मार गिराया।
मतदाता सूची में हमलावर का नाम
सीएनएन के मुताबिक, क्रुक्स ने पहले डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े समूह में एक छोटा सा योगदान दिया था। एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उसने 2022 में बेथेल पार्क हाई स्कूल से स्नातक किया था। पेन्सिल्वेनिया की मतदाता सूची के मुताबिक, आरोपी रिपब्लिकन पार्टी से जुड़ा हुआ था और मतदाता के रूप में पंजीकृत था। सीएनएन ने कहा कि वह इस साल राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने का पात्र था।
हमलावर के पिता ने क्या कहा
देश के चुनाव आयोग के आंकड़े बताते हैं कि थॉमस क्रुक्स का नाम चंदा देने वालों की सूची में है और उसने जनवरी 2021 में डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े एक समूह के प्रोग्रेसिव टर्नआउट प्रोजेक्ट के लिए 15 डॉलर दिए थे। हमलावर के पिता ने कहा कि वह यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वास्तव में वहां क्या हुआ। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे के बारे में बोलने से पहले कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बात करेंगे।
क्रुक्स की डीएनए और बायोमेट्रिक जांच
एफबीआई के पिट्सबर्ग कार्यालय के एक अधिकारी केविन रोजेक ने शनिवार रात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमलावर के शव की पहचान नहीं की गई थी इसलिए उसकी डीएनए और बायोमेट्रिक जांच करनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि रैली में मौजूद एक व्यक्ति की गोलीबारी में मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।