मौजूदा हाल में अमेरिका दो बड़े मुद्दों की वजह से चर्चा में है। एक तो अमेरिका में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले हैं और मौत का आंकड़ा भी वहां सबसे ज्यादा है। वहीं दूसरा सबसे बड़ा मुद्दा है जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद अमेरिका के कई शहरों में भड़के दंगे। अमेरिका में शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुए प्रदर्शनों ने दंगों का रूप बहुत जल्द ले लिया था।
अमेरिका में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या जल्द ही 20 लाख के पार हो जाएगी और 1,12,000 से ज्यादा लोग कोविड-19 की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं। इस सबके बीच जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या और सड़कों पर निकले प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य महकमे को सकते में डाल दिया था। अश्वेत अमेरिकन जॉर्ज फ्लॉयड की गर्दन पर मिनीपोलिस के पुलिस अधिकारी ने करीब आठ मिनट तक अपना घुटना रखा जिससे जॉर्ज को सांस लेने में दिक्कत हुई और अस्पताल में भर्ती करने के दौरान उसकी मौत हो गई।