भांग बैन करने की तैयारी में थाईलैंड सरकार (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : ANI
थाईलैंड की सरकार ने भांग के इस्तेमाल को लेकर सख्त फैसला लिया है। सरकार ने कहा है कि मनोरंजन के मकसद से भांग का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। नई सरकार के फैसले के तहत दवाओं या दूसरी मेडिकल जरूरतों को पूरा करने के लिए भांग का इस्तेमाल किया जा सकेगा। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक 18 महीने बाद हुए बड़े उलटफेर में भांग को आंशिक रूप से बैन करने का कानून बनाया जा रहा है। हालांकि, इस पौधे को अपराध की श्रेणी से बाहर रखा जा रहा है। थाईलैंड की सरकार ने कहा कि एशिया में ऐसा फैसला करने वाला यह पहला देश है।
थाईलैंड में गठबंधन सरकार पिछले साल सत्ता में आई है। रिपोर्ट के मुताबिक सरकार नियमों को कड़ा कर रही है। अब केवल चिकित्सा जगत में भांग का इस्तेमाल किया जाएगा। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक पूरे दक्षिण पूर्व एशियाई देश में स्थानीय लोग और विदेशी सैलानियों के बीच भांग की मांग में उछाल दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय का मसौदा बिल सामने आया। इसमें भारी जुर्माना या एक साल की जेल या दोनों सजा एक साथ देने का प्रावधान किया गया है। खबरों के मुताबिक जनता ने भी इन कानूनों का स्वागत किया है।
थाईलैंड में भांग पर अंकुश लगाने के लिए लाए गए बिल में कहा गया है कि भांग / कैनबिस (Cannabis) और कैनबिस से संबंधित उत्पाद केवल चिकित्सा और स्वास्थ्य लाभ के लिए ही इस्तेमाल किए जा सकेंगे। बीते सितंबर में प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन ने इसकी प्रतिज्ञा ली थी। नई सरकार ने अगले छह महीनों के भीतर कैनबिस से जुड़े कानूनों में 'सुधार' करने का एलान किया है।
सरकार ने कहा है कि नए कानूनों के तहत कैनबिस बस अर्क और अन्य कैनबिस उत्पादों के विज्ञापन और मार्केटिंग के अभियानों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। पहले केवल सार्वजनिक रूप से मारिजुआना का धूम्रपान के लिए इस्तेमाल गैरकानूनी था। प्रस्तावित नए कानून पर सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, थाईलैंड में थाविसिन के प्रधानमंत्री बनने के बाद नवंबर में मनोरंजक मकसद के लिए भांग के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए मसौदा विधेयक संसद में पेश किया गया। हालांकि, इसे पारित कराने में कामयाबी नहीं मिली।
यह भी रोचक है कि नई प्रधानमंत्री बैन को लेकर बेहद मुखर रही हैं। उन्होंने कई मीडिया साक्षात्कारों में कहा है कि नशीली दवाओं का दुरुपयोग 'थाईलैंड के लिए एक बड़ी समस्या है।' जून, 2022 में थाईलैंड में कई अहम कानूनी बदलाव भी किए गए। कई अन्य देशों में सख्त कानूनों के तहत मारिजुआना रखने, उपभोग करने या तस्करी के दोषी लोगों को लंबी जेल की सजा और यहां तक कि मौत की सजा भी देते हैं। हांगकांग में गैर-साइकोएक्टिव कैनबिडिओल (सीबीडी) भी गैरकानूनी है। सिंगापुर में नशीली दवाओं की तस्करी के लिए मृत्युदंड का कानून है।