इरमा गार्सिया और जो गार्सिया (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
अमेरिका के टेक्सास के उवाल्डे में मंगलवार को एक प्राइमरी स्कूल में 18 वर्षीय शूटर ने गोलीबारी कर 5 से 11 साल के 19 बच्चों समेत दो शिक्षकों को मार डाला था। दो शिक्षकों में एक इरमा गार्सिया नाम की शिक्षिका शामिल थी। उनके पति जो गार्सिया को इस घटना के बाद कथित तौर पर हार्ट अटैक आ गया था, जिससे उनकी गुरुवार को मौत हो गई।
पत्नी की गोलीबारी में मौत के बाद पति की हार्ट अटैक से मौत
जो और इरमा हाईस्कूल से एक-दूसरे को जानते थे और उनकी शादी को 24 साल हो चुके थे। वे अपने पीछे चार बच्चे छोड़ गए हैं। इरमा गार्सिया के चचेरे भाई डेबरा ऑस्टिन ने इरम के बच्चों को वित्तीय सहायता देने के लिए 'गोफंडमे' नाम से एक फंडरेजर बनाया है।
ऑस्टिन ने कहा कि "मुझे इरमा के पति की मौत से गहरा सदमा पहुंचा है। उनके बच्चों की जिंदगी में सबकुछ तबाह हो गया है। इरमा के पति की गुरुवार सुबह (5/26/2022) इलाज के दौरान मौत हो गई। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी मौत पत्नी की मौत के बाद सदमे की वजह से हुई।
इंटरनेट पर लोगों ने भी इस घटनाक्रम पर दुख जताया है। एक ट्विटर उपयोगकर्ता ने कहा, "इसे ब्रोकन हार्ट सिंड्रोम कहा जाता है और यह लोगों की जानकारी से कहीं अधिक बार होता है। डेबी रेनॉल्ड्स को कैरी फिशर के लिए 24 घंटे से भी कम समय में मरते हुए देखा है।"
एक अन्य ट्विटर यूजर ने कहा, "यह बेहद हृदयविदारक है, मैं उन बच्चों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं, जिन्होंने 48 घंटों में माता-पिता दोनों को खो दिया है।" उवाल्डे शहर में हुई गोलीबारी की इस घटना ने अमेरिका में बंदूक कानूनों को लेकर देशव्यापी आक्रोश पैदा कर दिया है।