अफगानिस्तान में हिंसा का दौर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम में एक अफगानी लोक गायक की हत्या की जानकारी सामने आई है। समाचार एजेंसी एएनआई ने एसोसिएटेड प्रेस के हवाले से खबर दी है कि एक तालिबानी लड़ाके ने एक अफगानी लोक गायक की गोली मार कर हत्या कर दी है। घटना की स्थितियां स्पष्ट नहीं हैं।
A Taliban fighter has shot dead an Afghan folk singer under unclear circumstances: Associated Press
— ANI (@ANI) August 29, 2021
वहीं, काबुल एयरपोर्ट के पास हुए बम धमाकों के तीन दिन बाद यहां रविवार को एक और धमाका हुआ है। धमाके वाली जगह धुएं का बड़ा गुबार देखा जा सकता है। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों के लोग दशहत में आ गए। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह हमला रॉकेट के जरिए किया गया था।
इस हमले में एक बच्चे की मौत होने की जानकारी सामने आई है। यह रॉकेट अमेरिकी सेना का था। अमेरिका ने इसे लेकर सफाई देते हुए कहा कि हमारी सेना ने यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की थी। हमने इस हमले से आईएसआईएस-के के आत्मघाती हमलावर को निशाना बनाया। यह आतंकी काबुल एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचाना चाहता था।
इससे पहले आई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि यह हमला आतंकियों ने किया था। जबकि स्थानीय पुलिस प्रमुख ने बताया था कि काबुल हवाई अड्डे के उत्तर-पश्चिम में स्थित रिहायशी इलाके में रॉकेट गिरा। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं दो प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रॉकेट के एक घर से टकरा जाने के कारण यह धमाका हुआ था।
यूएस सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता बिल अर्बन ने इस संबंध में कहा कि अमेरिकी सैन्य बलों ने आज काबुल में एक वाहन पर आत्मरक्षा में मानव रहित विमान से हवाई हमला किया। इससे काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आईएसआईएस-के के हमले का खतरा समाप्त हो गया। हमें विश्वास है कि हमने यह लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है।