स्वीडन की प्रधानमंत्री मैग्डेलेना एंडरसन ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया है। उनका यह कदम संसद में बहुमत न हासिल कर पाने के बाद आया है। दरअसल, एंडर्सन ने स्वीडन की 349 सीटों वाली संसद ‘रिक्सडैग’ के अध्यक्ष एंड्रियास नोरलेन से मुलाकात की। इसके बाद पद छोड़ने के बारे में उन्हें औपचारिक सूचना दी।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि नई सरकार बनने तक एंडरसन कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनी रहेंगी। अध्यक्ष नोरलेन ने एंडरसन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। नोरलेन ने कहा कि वह जल्द ही पार्टी नेताओं से बातचीत शुरू करेंगे। उम्मीद है कि वह मध्य-दक्षिणपंथी ‘मॉडरेट पार्टी’ के नेता उल्फ क्रिस्टर्सन से गठबंधन बनाने की कोशिश करने के लिए कहेंगे।
बताया जा रहा है कि आम चुनावों के बाद दक्षिणपंथी ब्लॉक के पास 176 सीटें हैं। सोशल डेमोक्रेट्स यानी मध्य-वाम ब्लॉक के पास 173 सीटें हैं। इससे पहले बुधवार को 99.9 फीसदी वोटों की गिनती हो जाने के बाद एंडरसन ने हार स्वीकार कर ली थी।