ताइवान में सबसे शक्तिशाली तूफान मेरांटी ने बुधवार को जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तूफान के कारण दस लाख से भी ज्यादा घरों में बिजली चली गई। इस दौरान पांच लोगों के जख्मी होने की खबर है। माना जा रहा है कि इस साल दुनिया का यह सबसे शक्तिशाली तूफान है।
ताइवान के केंद्रीय मौसम ब्यूरो के अनुसार कैटगरी पांच के इस तूफान का असर काओसियूंग और हुलिएन समेत दक्षिणी और पूर्वी शहरों पर पड़ा।
तेज हवाएं 263 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बह रही थीं। इसके बाद आई मूसलाधार बारिश से जनजीवन ठहर गया। हालांकि कहीं से भी भूस्खलन की कोई घटना नहीं हुई। वहीं, हेनगचुन की वेधशाला ने पिछले 120 साल के इतिहास में सबसे तेज हवाएं दर्ज की हैं।