यूक्रेन के यहां स्थित दूतावास पर शनिवार को आतंकी हमले की अफवाह तब फैल गई, जब एक कार ने अचानक दूतावास बिल्डिंग की पार्क़िग में खड़ी यूक्रेनी राजदूत की खाली खड़ी कार में सीधी टक्कर मार दी। कार चला रहे व्यक्ति ने राजदूत की कार में दोबारा टक्कर मारी और सुरक्षाकर्मियों के रोकने पर हड़बड़ाहट में उनके ऊपर भी कार चढ़ाने का प्रयास किया। लंदन पुलिस ने इसे आत्मघाती हमला मानते हुए हमलावर कार पर फायरिंग कर दी। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, हॉलैंड पार्क एरिया में सुबह करीब 7.30 बजे हुई इस घटना में 40 वर्षीय हमलावर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार करने के तत्काल बाद उसे सेंट्रल लंदन अस्पताल ले जाकर जांच कराई गई, जहां उसे सही-सलामत घोषित किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एंडी वॉकर का कहना है कि पुलिस इस घटना को आतंकी हमले के नजरिए से नहीं देख रही है। साथ ही प्रक्रिया के तहत पुलिस के फायरिंग करने की भी जांच की जा रही है।