रिपोर्ट के अनुसार दियावदना के पैर की एक हड्डी के अलावा शरीर की सभी हड्डियां टूटी हुई थीं। पंजाब पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दियावदना के शव को लाहौर भेज दिया गया है जहां से उसे श्रीलंकाई वाणिज्य दूतावास के हवाले कर दिया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव के एक विशेष उड़ान के माध्यम से श्रीलंका भेज दिया जाएगा।
श्रीलंका की संसद और प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने शनिवार को इस घटना की कड़ी निंदा की थी। प्रधानमंत्री राजपक्षे ने उम्मीद जताई थी कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान इस घटना के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। वहीं, इमरान खान ने आज यानी रविवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे से फोन पर बात की और मामले में सभी दोषियों को किसी भी हालत में न बख्शने का आश्वासन दिया।
कट्टर इस्लामी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) के समर्थकों ने शुक्रवार को ईशनिंदा का आरोप लगाते हुए एक कपड़ा फैक्टरी पर हमला कर दिया था। इस दौरान 800 से अधिक लोगों की भीड़ ने फैक्टरी के मैनेजर और श्रीलंका के नागरिक 40 वर्षीय प्रियंथा दियावदना की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। इतने से ही भीड़ का मन नहीं भरा तो दियावदना के शव को भी उन्होंने आग लगा दी थी।
लगातार दबाव पड़ने के बाद इस घटना में कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान सरकार ने 800 से अधिक लोगों के खिलाफ आतंकवाद के आरोप में मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार इस मामले में अब तक 118 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए लोगों में 13 मुख्य आरोपी शामिल हैं। इसके साथ ही पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने घटना से जुड़े सभी वीडियो और सूचनाएं हासिल कर ली हैं।