नेपाल में दो साल से कोविड-19 महामारी के कारण बंद तलेजू भवानी मंदिर के कपाट भक्तों के लिए फिर से खोल दिए गए हैं। बृहस्पतिवार को बसंतपुर दरबार चौराहे के सभी कोनों तक श्रद्धालुओं की लंबी और घुमावदार कतारें लगी हुई देखी गईं। साल में एक बार महानवमी के दिन खुलने वाले तलेजू भवानी को नेवा की मुख्य देवी भी माना जाता है। मान्यता है कि वे बच्चों का उद्धार करने वाली देवी हैं।
इस साल स्थानीय क्लबों के समन्वय से बसंतपुर दरबार चौराहा पर्यवेक्षण कार्यालय ने मंदिर आने वाले भक्तों को मास्क और सेनेटाइजर वितरित किए। इस बीच, बृहस्पतिवार को सुबह 7:11 बजे शुभ मुहूर्त में तुलजा भवानी देवी को अनुष्ठानिक जुलूस के बीच हनुमान धोका दरबार क्षेत्र के मूलचौक क्षेत्र में ले जाया गया। देवी की मूर्ति को मूलचौक में रखा जाएगा जहां नवमी की मध्यरात्रि में 54 बकरियों और 54 नर भैंसों की बलि देकर विशेष पूजा की जाएगी।
दक्षिणी कैलिफोर्निया के तटीय पहाड़ों के जंगल में फैली आग ने खेतों और ग्रामीण मकानों को खतरे में डाल दिया है। इस आग के कारण प्रमुख राजमार्ग भी बंद कर दिया गया। शुष्क हवाओं के कारण आग फैलने की आशंका भी बनी हुई है। एलिसल में लगी आग सांता बारबरा के पश्चिम में सांता यनेज पर्वतों में 57 वर्ग किलोमीटर से बड़े क्षेत्र में फैल गई। आग पर अभी तक सिर्फ 5 फीसदी ही काबू पाया गया है। जबकि कई मकान और खेत व इमारतें अब भी खतरे की जद में हैं।
जापान के नए प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने संसद का निचला सदन बृहस्पतिवार को भंग कर 31 अक्तूबर के राष्ट्रीय चुनावों का रास्ता साफ कर दिया है। किशिदा ने कहा कि वह अपनी नीतियों के लिए जनादेश चाहते हैं। संसद ने महज 10 दिन पहले ही उन्हें योशिहिदे सुगा के स्थान पर प्रधानमंत्री निर्वाचित किया था। सदन के अध्यक्ष, तादामोरी ओशिमा ने एक पूर्ण सत्र में दो संसदीय सदनों में से अधिक शक्तिशाली निचले सदन को भंग करने की घोषणा की। सत्तारूढ़ पार्टी के लिए समर्थन जुटाने का जिम्मा संभालने वाले किशिदा ने भरोसे एवं सहानुभूति की राजनीति करने का वादा किया।