बीच हवा में यात्री ने खोला विमान का इमरजेंसी गेट
- फोटो : Twitter
देश-दुनिया में करोड़ों लोग विमान से सफर करते हैं। लोग अपने स्थान पर जल्दी पहुंच सकें इसलिए विमान से यात्रा करते हैं। लेकिन विमान यात्रा को लेकर कभी-कभी ऐसी घटनाएं सामने आती है कि जिससे मन में डर बैठ जाता है कि विमान से यात्रा करें कि नहीं। ऐसी ही एक घटना दक्षिण कोरिया से सामने आई है। यहां एक यात्री ने बीच में हवा में विमान का इमरजेंसी गेट खोल दिया। इस घटना को लेकर एक वीडियो भी सामने आया है जो काफी डराने वाला है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को जब विमान एयरपोर्ट पर उतरने वाला था तो आसियाना एयरलाइंस के विमान में एक यात्री ने आपातकालीन द्वार खोल दिया जिसके बाद यात्रियों की जान हलक में अटक गई। हालांकि विमान सुरक्षित रूप से उतरा लेकिनकई मुसाफिरों को साँस की दिक्कत जैसी समस्याओं के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आसियाना एयरलाइन ने कहा कि इस घटना में कोई बड़ी चोट या क्षति नहीं हुई है। यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने दरवाजा क्यों खोला। दक्षिण कोरिया की एक समाचार एजेंसी ने बताया कि नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एयरलाइन ने बताया कि एयरबस A321-200 लगभग 200 यात्रियों को ले जा रहा था यह घरेलू उड़ान पर सियोल से लगभग 240 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में डेगू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पर ले जा रहा था। जब विमान जमीन से लगभग 200 मीटर (650 फीट) ऊपर था, आपातकालीन द्वार के पास बैठे एक यात्री ने दरवाजे का लीवर मैन्युअल रूप से खोल दिया।
घटना से जुड़े विडियो में देखा जा सकता है कि कैसे यात्री दरवाजा खुलने के बाद चिल्ला रहे हैं। फ़ुटेज में बीच हवा में खुले दरवाजे से तेज हवा विमान के अंदर घुस रही है और यात्रियों के बाल बेतहाशा उड़ रहे हैं। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, विमान को समय रहते सुरक्षित लैंड करवा दिया।