चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां के महानगर शंघाई में भी कोरोना के मामले तेज रफ्तार से बढ़े हैं। इसे देखते हुए चीन ने शंघाई में चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन लागू करने का एलान किया है, जिसकी शुरुआत कल यानी सोमवार से होगी।
विज्ञापन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शंघाई शहर चीन में कोरोना हॉटस्पॉट बन चुका है। यहां शनिवार को कोरोना के 2,676 नए मामले सामने आए। यह आंकड़ा बीते दिन के मुकाबले 18 फीसदी ज्यादा है। 2.6 करोड़ की आबादी वाले शंघाई में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। गुरुवार को यहां 1,609 और शुक्रवार को 2,267 कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद शहर में कई पाबंदियों को लागू कर दिया गया। हालांकि, इन सबके बावजूद भी शनिवार को यहां कोरोना के 2676 नए मामले आए।