सऊदी अरब के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय ने कहा कि इन सुधारों के तहत विदेशी कर्मचारियों को एक जगह से दूसरी जगह काम करने, नौकरी छोड़ने, देश में फिर से प्रवेश करने और अपने नियोक्ता की सहमति के बिना अंतिम निकासी वीजा सुरक्षित करने की अनुमति दी जाएगी। इन सुधारों की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। मजदूर सीधे तौर पर सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। कंपनी के मालिकों के साथ जो भी कॉन्ट्रैक्ट होगा, उसे ऑनलाइन रखा जाएगा। बता दें कि इससे पहले, बिना कंपनी की अनुमति के प्रवासी मजदूर ऐसा नहीं कर सकते थे और ज्यादातर मामलों में वीजा का डर दिखाकर मजदूरों का शोषण किया जाता था।
मजदूरों के लिए बेहतर माहौल बनाने का प्रयास : उप मंत्री
सऊदी अरब के मानव संसाधन मंत्रालय के उप मंत्री अब्दुल्लाह बिन नसीर अबुथुनायन कहा था कि हम देश में एक बेहतर श्रम बाजार बनाना चाहते हैं और साथ ही मजदूरों के लिए काम के माहौल को भी बेहतर बनाना चाहते हैं।श्रम कानूनों में इन बदलावों से विजन 2030 के उद्देश्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी। विजन 2030 के तहत सऊदी अरब तेल पर अपनी निर्भरता कम कर दूसरे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ना चाहता है।
बता दें कि कफाला सिस्टम को खत्म करने की घोषणा पिछले साल नवंबर में की गई थी।