गीदड़भभकी न समझें एटमी हमले की चेतावनी : दिमित्री मेदवेदेव
रूस के पूर्व राष्ट्रपति और सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने चेताया है कि रूस की एटमी हमले की चेतावनी को गीदड़भभकी न समझा जाए। रूस को अपनी रक्षा करने का अधिकार है और उसमें एटमी हथियार भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, विश्वास है कि नाटो इस जंग में सीधे उतरने से बचेगा। उनका इशारा जनमत संग्रह के परिणाम की घोषणा के बाद उन इलाकों को वापस पाने के प्रयासों की ओर था।
मेटा ने यूरोप को निशाना बनाने वाले रूसी प्रचार तंत्र को निष्क्रिय किया
फेसबुक और इंस्टाग्राम की मालिक कंपनी मेटा ने बताया कि उसने एक ऐसे नेटवर्क पर रोक लगाई है, जो सैकड़ों फर्जी अकाउंट और दर्जनों वेबसाइट के माध्यम से पश्चिम के खिलाफ रूस के प्रचार का हथियार बना हुआ था। फेसबुक ने कहा कि रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से ही उसकी साइट पर रूसी प्रचार तंत्र सक्रिय हो गया था।
इस नेटवर्क पर ब्रिटेन के अखबार ‘गार्डियन’ और जर्मनी के ‘डेर स्बाइगेल’ जैसी साइट को भी फर्जी बना लिया गया था। इन पर असली के बजाय रूसी प्रचार वाली खबरें चलाई जा रही थीं। इसके अलावा, जर्मनी, इटली, फ्रांस, ब्रिटेन और यूक्रेन में 1600 फेसबुक खातों के माध्यम से गलत खबरें फैलाई जा रही थीं।
रूसी हिरासत में जापानी राजनयिक, जापान बोला- बदसलूकी भी की
रूस ने पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक में पदस्थ एक जापानी राजनयिक तत्सुनोरी मोतोकी को संवेदनशील जानकारी लेने की कोशिश के आरोप में हिरासत में लिया है। वहीं, जापान ने जासूसी के आरोपों में जापानी वाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी को हिरासत में लेने के आरोपों को खारिज करते हुए रूसी अफसरों पर अपमानजनक तरीके से पूछताछ करने का आरोप लगाते हुए रूस से मामले में माफी की मांग की।
रूस की एजेंसियों ने ‘एफएसबी’ के हवाले से बताया कि पैसे लेकर संवेदनशील जानकारी लेते हुए जापान के एक राजनयिक को रंगे हाथों पकड़ा गया है। वह रूस की ऐसी जानकारी ले रहा था, जिसे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में किसी अन्य देश के साथ साझा करने पर रोक है।
व्लादिवोस्तोक में पदस्थ वाणिज्य दूत मोतोकी तत्सुनोरी ने ‘पश्चिमी प्रतिबंधों के प्रभाव’ से जुड़ी जानकारी भी हासिल करने की कोशिश की। वहीं, जापानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि एक अफसर 22 सितंबर को पकड़ा गया और उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर बदसलूकी के साथ पूछताछ की गई। हम इसका विरोध करते हुए माफी की मांग करते हैं।