यूक्रेन पर रूस ने शनिवार तड़के भीषण मिसाइल और ड्रोन हमला किया, जिसमें ड्निप्रो, कीव, ओडेसा सहित नौ क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। हमले में तीन लोगों की मौत और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि नागरिक इलाकों और इमारतों को जानबूझकर निशाना बनाया गया है।
रूस के साथ तीन साल से ज्यादा समय से चल रहे संघर्ष में यूक्रेन की स्थिति दिन-प्रतिदिन और भयावह होती जा रही है। कई देशों के प्रयास के बावजूद इस संघर्ष के खत्म होने को लेकर दूर-दूर तक कोई रास्ता भी नजर नहीं आ रहा है। इसी बीच शनिवार तड़के रूस ने यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों पर एक बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला किया। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।
ये भी पढ़ें:- Cyberattack: साइबर अटैक से यूरोप के प्रमुख हवाई अड्डों पर चेक-इन सिस्टम ठप, उड़ानें प्रभावित
यूक्रेन ने मार गिराए 552 ड्रोन और 31 मिसाइलें
यूक्रेनी एयर फोर्स के मुताबिक, रूस ने कुल 619 मिसाइलें और ड्रोन लॉन्च किए, जिनमें 579 ड्रोन, आठ बैलिस्टिक और 32 क्रूज मिसाइलें शामिल थीं। यूक्रेन ने इनमें से 552 ड्रोन, दो बैलिस्टिक और 29 क्रूज मिसाइलों को नष्ट कर दिया। इसके साथ ही यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि इस दौरान पश्चिमी देशों से मिले F-16 लड़ाकू विमानों ने रूसी क्रूज मिसाइलों को रोकने में अहम भूमिका निभाई और ये साबित किया कि पश्चिमी हथियार युद्ध में कितने प्रभावशाली हैं।