अमेरिकी अधिकारियों ने एक अफगान व्यवसायी पर लाखों डॉलर के सौदे हासिल करने के लिए अमेरिकी सैनिकों को रिश्वत देने का आरोप लगाया है। जांच एजेंसी एफबीआई के मुताबिक हिकमतुल्लाह शादमन ने सौदे हासिल करने के लिए दो अमेरिकी सैनिकों को सौ डॉलर के नोटों की गड्डियां दीं।
अभियोजकों का कहना है कि मामला 2009 का है, जब दोनों कांधार एयरबेस पर तैनात थे। इन आरोपों पर अभी शादमन से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है, क्योंकि उनका पता-ठिकाना स्पष्ट नहीं है।
अफगानिस्तान में तैनात अमेरिकी सैनिक। न्याय विभाग के अधिकारियों ने हाल ही में शादमन के नियंत्रण वाले बैंक खातों से छह करोड़ 30 लाख डॉलर की रकम जब्त की थी।
शादमन सामान पहुंचानी वाली और एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक हैं। उत्तरी कैरोलाइना की संघीय अदालत में 23 दिसंबर को यह मामला दायर किया गया। इस कथित धोखाधड़ी में आरोपी रॉबर्ट ग्रीन और उनके वरिष्ठ अधिकारी डेविड क्लाइन को पहले ही दोषी ठहराया जा चुका है।
शादमन के खिलाफ शिकायत के मुताबिक ग्रीन को 30 से 50 हजार डॉलर और क्लाइन को करीब 50 हज़ार डॉलर दिए गए। ग्रीन को सितंबर में 10 महीने की सजा हुई थी जबकि क्लाइन को अगले महीने सज़ा सुनाई जानी है।