तुर्की ने बृहस्पतिवार को कहा कि सीरिया हमले में तीन मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है कि उत्तरपश्चिम सीरियाई शहर खानुश्शोयूख में हुए हमले में रासायनिक हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि यह हमला राष्ट्रपति असद सरकार की सीरियाई सेना द्वारा किए गए थे।
न्याय मंत्री बेकिर बोजडाग के हवाले से एक स्थानीय समाचार एजेंसी लिखा कि इदलिब से लाए गए तीन शवों का पोस्टमार्टम किया गया, जिसकी रिपोर्ट में यह कहा गया कि हमले में रासायनिक हथियार के इस्तेमाल हुए थे। इस वैज्ञानिक परीक्षण से यह साबित हो गया है कि असद ने रासायनिक हथियार के इस्तेमाल किए।
हमले में घायल 32 सीरियाई नागरिकों को इलाज के लिए दक्षिण तुर्की लाया गया। लेकिन इनमें से तीन ने अस्पताल में दम तोड़ दिए। दक्षिण प्रांत अदाना स्थित विश्व स्वास्थ्य संगठन और रासायनिक हथियार निषेध संगठन (ओपीसीडब्ल्यू) के अधिकारियों के समक्ष तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसमें रासायनिक हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है।
सीरिया में रासायनिक हमले के बाद ब्रिटेन, फ्रांस और अमेरिका समेत विश्व बिरादरी द्वारा गुस्से जाहिर करने के बाद तुर्की के राष्ट्रपति रिसेप तैयिप ईदोगान ने इसके लिए असद को जिम्मेदार ठहराते हुए सीरियाई राष्ट्रपति हत्यारा करार दिया है।