परमाणु हथियार नहींं चलाएगा उत्तर कोरिया
- फोटो : Reuters
उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के मुताबिक देश के नेता किम जोंग उन का कहना है कि संप्रभुता का खतरा न हो तो उनका देश परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करेगा। उत्तर कोरिया ने एक अंतरराष्ट्रीय समझौते से पीछे हटते हुए अपना पहला परमाणु परीक्षण 2006 में किया था।
दक्षिण कोरिया और अमरीका के खिलाफ उत्तर कोरिया परमाणु हमले की धमकी कई बार दे चुका है। लेकिन कुछ खबरों के मुताबिक, किम जोंग उन ने प्योंगयांग में आयोजित वर्कर्स पार्टी कांग्रेस में कहा है कि वे उन देशों के साथ संबंध सामान्य करना चाहते हैं जिनके साथ उत्तर कोरिया की तनातनी रही है।
सरकारी मीडिया ने किम जोंग उन के हवाले से लिखा है कि भरोसा और आपसी तालमेल के लिए दक्षिण कोरिया के साथ और अधिक बातचीत होनी चाहिए।
उन्होंने ये भी कहा कि उत्तर कोरिया 'परमाणु अप्रसार और दुनिया को परमाणु हथियार मुक्त बनाने की बाध्यता का पालन करेगा।' साल 1980 के बाद उत्तर कोरिया की सत्तारूढ़ पार्टी की अपनी तरह की ये पहली बैठक है। किम जोंग उन उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता हैं।