हिंद महासागर में स्थित द्वीप रियूनियन के पुलिस अधिकारियों का दावा है कि उन्हें एक विमान के मलबे का एक और हिस्सा मिला है। माना जा रहा है कि ये हिस्सा मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान संख्या एमएच370 का हो सकता है।
पुलिस के अनुसार ये संभवतः विमान के दरवाज़े का एक हिस्सा है जो बहते हुए तट तक पहुंचा है। उनके अनुसार इस पर विदेशी भाषा में कुछ लिखा है और कुछ चित्र बने हुए हैं। पुलिस के अनुसार सेंट डेनिस शहर के दक्षिण में उन्हें ये मलबा मिला है।
बुधवार को भी इसी जगह से विमान का एक मलबा मिला था जो मलेशिया एयरलाइंस के लापता विमान का मलबा बताया जा रहा है।
पिछले साल मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान संख्या एमएच370 क्वालालम्पुर से बीजिंग जा रही थी कि विमान लापता हो गया। विमान पर कुल 239 लोग सवार थे। बुधवार को मिले विमान के मलबे को विश्लेषण के लिए फ्रांस भेजा गया है।
इस बीच, मलेशिया के परिवहन मंत्री ने कहा है कि बुधवार को विमान के पंखों के जो हिस्से रियूनियन द्वीप पर मिले, वो बोइंग 777 के ही है। इससे इस बात की संभावना और बढ़ जाती है कि ये मलबा मलेशिया के लातपा विमान का ही हो सकता है।