जापान के वनीला एयरलाइंस ने एक विकलांग यात्री से माफी मांगी है, जिन्हें किसी तरह अपने को घसीटते हुए विमान की सीढ़ियां चढ़नी पड़ी। अमामी द्वीप के लिए उड़ान भरते समय हिदेतो किजिमा अपने दोस्तों की मदद से विमान में सवार हुए थे। लेकिन वहां से वापसी के समय, एयरलाइन के कर्मचारियों ने उनसे कहा कि सुरक्षा कारणों से उन्हें विमान में चढ़ने नहीं दिया जाएगा, अगर वे बिना किसी की मदद से विमान में चढ़ न पाएं।
इसके बाद किजिमा ने अपने व्हीलचेयर को वहीं छोड़ दिया और अपने हाथों के सहारे अपने को घसीटते हुए विमान की सीढ़ियां चढ़े। किजिमा ने अपने ब्लॉग पोस्ट में अपना अनुभव शेयर किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 में स्कूल में रग्बी के दौरान एक हादसे के कारण कमर से नीचे से वे अपाहिज हो गए।
नए क़दमों की घोषणा
लेकिन इसके बाद वे 158 देशों के 200 से ज्यादा हवाई अड्डों पर गए हैं। जहां कहीं भी विकलांग यात्रियों के लिए सुविधाएं नहीं होती हैं, वे अपने मित्रों और कर्मचारियों की मदद से विमान पर चढ़े हैं। हालांकि कई बार यात्राएं कठिन नहीं हैं, लेकिन उनसे कभी ये नहीं कहा गया कि वे विमान पर नहीं चढ़ सकते।
उन्होंने जापान के निप्पॉन टीवी को बताया कि वे ऐसे कड़े नियम से आश्चर्यचकित थे। उन्होंने बताया 'मैंने सोचा कि क्या हवाई अड्डे के कर्मचारियों को ये नहीं पता कि वे गलत हैं।वनीला एयर ऑल निप्पन एयरवेज़ की सस्ती विमान सेवा है। कंपनी ने इस घटना के लिए माफी मांगी है और व्हीलचेयर इस्तेमाल करने वाले यात्रियों के लिए नए कदमों की भी घोषणा की है।