खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) मोसुल और उसके आसपास के इलाके में बड़े पैमाने पर हथियार बना रहा है। उसने हथियारों को बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को तुर्की से खरीदा है। बुधवार को यह बात संघर्षरत इलाके में हथियारों पर निगरानी रखने वाले ब्रिटेन के समूह कंफ्लिक्ट आर्मामेंट्स रिसर्च ने कही।
समूह ने जांच में पाया कि आईएस तुर्की और इराक के बीच मजबूत और विश्वसनीय आपूर्ति की कड़ी बनाए हुए है, जिससे उनको अपने लड़ाकों के लिए भारी मात्रा में हथियार हासिल करने में मदद मिलती है।
समूह के शोधकर्ताओं ने आईएस के कारखानों और इराकी सुरक्षा बलों के सैन्य अभियान के दौरान युद्ध के मैदान से मिले हथियारों का गहन अध्ययन किया। इसमें पाया गया कि आईएस मोसुल और आसपास के इलाके में बड़ी मात्रा में हथियार बना रहा है।
मालूम हो कि मोसुल में इराकी सुरक्षा बलों और आईएस के बीच भीषण संघर्ष जारी है। इसमें इराकी सुरक्षा बलों को भारी सफलता मिली है और आईएस पूरी तरह कमजोर हो चुका है।
समूह के डायरेक्टर जेम्स बीवन ने चेताया कि आईएस के बेहद प्रशिक्षित आतंकी अपने अस्तित्व के लिए कुछ भी कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि आईएस अपने इन खूंखार आतंकियों को मोसुल से बाहर निकाल चुका है, जो कहीं पर कोई भी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।