इससे संक्रमित होने का जोखिम किसे है?
किसी भी व्यक्ति के, लक्षण वाले व्यक्ति या संक्रमित जानवर के साथ शारीरिक संपर्क में आने पर, उसे संक्रमण का ख़तरा बढ़ जाता है। जो लोग संक्रमित लोगों के साथ रहते हैं उनमें संक्रमण का खतरा अधिक होता है। स्वास्थ्य कर्मचारी, अपने कामकाज की प्रवृत्ति के कारण ज्यादा जोखिम में हैं। किशोरों और युवाओं की तुलना में बच्चों में अक्सर गंभीर लक्षण होने की अधिक आशंका होती है। यह वायरस गर्भवती महिला के गर्भ में प्लेसेंटा के माध्यम से उसके अजन्मे बच्चे में, या बच्चे के संक्रमित माता-पिता के संपर्क में आने से प्रसव के दौरान या बाद में और त्वचा से त्वचा के संपर्क के जरिये भी फैल सकता है। उन लोगों के साथ सम्पर्क सीमित करके संक्रमण के जोखिम को कम किया जा सकता है, जिन्हें यह बीमारी होने का सन्देह हो, या रोग की पुष्टि हो चुकी हो। संक्रमित व्यक्ति को अलग-थलग रहने व सामाजिक दूरी बनाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए और यदि सम्भव हो तो, छिली हुई त्वचा को ढक कर रखना चाहिए।
संक्रमित होने का सन्देह होने पर क्या करना चाहिए?
यदि आपको लगता है कि आपके लक्षण एमपॉक्स से संबंधित हो सकते हैं, या आप किसी ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आए हों जिसमें ये लक्षण हैं, या फिर आपको संशय हो कि आपको संक्रमित होने की आशंका है, तो तुरन्त अपने चिकित्सक को सूचित करें। खुद को एकांतवास में रखें और अन्य लोगों के साथ नज़दीकी सम्पर्क से बचें। लक्षण आमतौर पर दो से चार सप्ताह तक रहते हैं और बिना उपचार के अपने आप चले जाते हैं। एमपॉक्स वैक्सीन की एक खुराक भी असरदार साबित होती है। चेचक की रोकथाम के लिए कई टीके विकसित किए गए हैं, जो कुछ सुरक्षा प्रदान करते हैं। चेचक का एक टीका एमपॉक्स की रोकथाम में उपयोग के लिए 2019 में विकसित किया गया था और मंज़ूरी भी दी गई थी, लेकिन यह अभी तक व्यापक रूप से उपलब्ध नहीं है। इस टीके का नाम MVA-BN है जिसे Imvamune, Imvanex, या Jynneos के रूप में भी जाना जाता है। WHO ने किसी अन्य वैक्सीन की अनुपस्थिति में, MVA-BN या LC16 वैक्सीन या फिर ACAM2000 वैक्सीन के इस्तेमाल की सिफारिश की है। ये वैक्सीन मूल रूप से चेचक बीमारी पर नियंत्रण पाने के लिए विकसित की गई थी।
इस बीमारी का कोई इलाज है?
ज्यादातर लक्षण, बिना उपचार के अपने आप चले जाते हैं। यदि संभव हो तो इसे सूखने दें या उस हिस्से का ध्यान रखें। महत्वपूर्ण है कि अगर हो सके तो इसे एक नम पट्टी से ढककर इसकी देखभाल करें। आंखों या मुंह के छालों को छूने से बचें। जब तक आपकी दवा में कोर्टिसोन नहीं है, तब तक माउथवॉश और आई ड्रॉप का उपयोग किया जा सकता है। गंभीर मामलों के लिए एंटीवायरल एजेंट जिसे टेकोविरिमैट (tecovirimat) के रूप में जाना जाता है और जिसे चेचक के इलाज के लिए बनाया गया था, पशु व मानव अध्ययनों के आंकड़ों के आधार पर 2022 में इसे एमपॉक्स के लिए यूरोपीय मेडिसिन एजेंसी (ईएमए) ने लाइसेंस दिया है। यह अभी तक व्यापक रूप से उपलब्ध नहीं है।
(नोट: यह लेख संयुक्त राष्ट्र हिंदी समाचार सेवा से लिया गया है।)