अमेरिका की सबसे बड़ी अधीनस्थ अदालत ‘सुपीरियर कोर्ट ऑफ लॉस एंजिलिस काउंटी’ पिछले सप्ताह रैनसमवेयर हमले के कारण बंद रही। अदालत के अधिकारियों ने बताया कि यह सप्ताहांत तक बंद रही।
अदालतें शुक्रवार को काम- काज के लिए खुली रहीं लेकिन काउंटी की सभी 36 अदालतें सोमवार को नहीं खुलीं। पीठासीन जज सामंथा पी. जेसनर ने कहा, कोर्ट में अप्रत्याशित साइबर हमले से क्षति रोकने, सूचना की अखंडता-गोपनीयता की रक्षा करने तथा भविष्य में नेटवर्क स्थिरता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगभग सभी नेटवर्क प्रणालियों को बंद करना पड़ा। अब सभी 36 अदालतें भारतीय समयानुसार पुन: बुधवार को खुलेंगी। अधिकारियों ने कहा, यह हमला माइक्रोसॉफ्ट से संबंधित सॉफ्टवेयर ‘अपडेट’ की वजह से उपकरणों के प्रभावित होने की घटना से जुड़ा हुआ नहीं है। इसलिए यह काफी खतरनाक भी है।
डाटा से छेड़छाड़ नहीं
अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में इस बात का कोई सबूत नहीं मिला कि उपयोगकर्ताओं के डाटा से छेड़छाड़ की गई थी। लॉस एंजिल्स काउंटी का सुपीरियर कोर्ट अमेरिका का सबसे बड़ा एकीकृत सुपीरियर कोर्ट है, जो 36 कोर्टहाउसों में काउंटी के एक करोड़ निवासियों को सेवा प्रदान करता है। 2022 में लगभग 12 लाख मामले दायर किए गए और 2,200 जूरी परीक्षण किए गए।