फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prince Philip नहीं रहे: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति का निधन, शोक में डूबा ब्रिटेन

Fri, 09 Apr 2021 06:11 PM IST
सुरेंद्र जोशी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, लंदन।

सार

  • 99 वर्ष की उम्र में प्रिंस फिलिप ने ली अंतिम सांस
  • पिछले माह हो गए थे कोरोना महामारी से संक्रमित 
विज्ञापन
Prince Philip - फोटो : AFP
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 99 वर्ष के थे।  लंदन स्थित बकिंघम पैलेस ने यह जानकारी दी। प्रिंस फिलिप को ड्यूक आफ एडिनबर्ग भी कहा जाता था। उनका और महारानी एलिजाबेथ का करीब 73 साल का साथ रहा। प्रिंस के निधन के साथ ही ब्रिटेन में शोक छा गया। 

विज्ञापन


ब्रिटेन की ऐतिहासिक इमारतों में उनके सम्मान में राष्ट्र ध्वज झुका दिए गए और राष्ट्रव्यापी शोक की घोषणा कर दी गई। बकिंघम पैलेस ने बयान जारी कर कहा, 'बहुत दुख के साथ महारानी ने अपने पति, हिज रॉयल हाईनेस द प्रिंस फिलिप, ड्यूक ऑफ एडिनबरा के निधन की घोषणा की है। प्रिंस फिलिप ने विंडसर कैसेल में शुक्रवार सुबह अंतिम सांस ली।' ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रिंस फिलिप के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि 'उन्होंने अनगिनत युवाओं के जीवन को प्रेरित किया है।' 


बीती 16 मार्च को मिली थी अस्पताल से छुट्टी
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप कोरोना संक्रमित हो गए थे। प्रिंस फिलिप (99) को 16 फरवरी को लंदन के निजी किंग एडवर्ड सप्तम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें सेंट बार्थोलोमेव के हृदय रोग के विशेष अस्पताल ले जाया गया। फिर वहां से वापस उन्हें किंग एडवर्ड अस्पताल लाया गया था। इलाज के बाद 16 मार्च को लंदन के अस्पताल से उन्हें छुट्टी मिल गई थी। उनका संक्रमण और हृदय संबंधी रोग का इलाज चल रहा था।

विज्ञापन

नवंबर 2020 में मनाई थी 73 वीं सालगिरह

कोरोना महामारी के बीच ही विंडसर कैसल में प्रिंस व महारानी ने नवंबर 2020 में अपने विवाह की 73 वीं सालगिरह मनाई थी। प्रिंस फिलिप ने लॉकडाउन के दौरान ही अपना 99 वां जन्मदिन भी यहीं मनाया था। प्रिंस फिलिप प्रिंस चार्ल्स के पिता और प्रिंस हैरी व प्रिंस विलियम के दादा थे।

प्रिंस फिलिप अपना अधिकतर वक्त नॉरफ्लोक स्थित महारानी के सैंड्रीघम एस्टेट में ही बिताते थे। हालांकि लॉकडाउन के दौरान वह महारानी के साथ विंडसर कैसल में आ गए थे। ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग के नाम से जाने जाने वाले फिलिप 2017 में अपने सार्वजनिक कर्तव्यों से सेवानिवृत्त हो गए थे।

कोरफू आइलैंड में हुआ था जन्म
प्रिंस फिलिप का जन्म ग्रीस के कोरफू आइलैंड में 10 जून 1921 को हुआ था। उन्होंने ब्रिटेन की राजशाही को आधुनिक रूप देने में अहम भूमिका निभाई थी। दिवंगत प्रिंस सार्वजनिक रूप से बहुत कम दिखाई देते थे। वह ग्रीक व डैनिश राजपरिवार के सदस्य थे।  

ग्रीस से निर्वासित हुए, फ्रांस, जर्मनी के बाद ब्रिटेन आए

प्रिंस अपने गृह देश से परिवार सहित निर्वासित हो गए थे। ग्रीस छोड़ने के बाद वे फ्रांस, जर्मनी व ब्रिटेन आए। उन्होंने ब्रिटेन में शिक्षा पाने के बाद लंबे समय तक ब्रिटिश नौसेना में सेवाएं दीं। 

महारानी बनने से पहले की एलिजाबेथ से शादी
प्रिंस फिलिप और महारानी एलिजाबेथ की शादी 1947 में हुई थी। इसके पांच साल के बाद 1952 में एलिजाबेथ महारानी बनी थीं। 


विज्ञापन

साल 1961 में आए थे दिल्ली

प्रिंस फिलिप और महारानी एलिजाबेथ द्वितीय साल 1961 में भारत आए थे। इस दौरान दिल्ली में वह खुली गाड़ी में जनता का अभिवादन करते हुए दिखाई दिए थे।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने शोक जताया
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप के निधन पर शोक प्रकट किया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि महासचिव ने ब्रिटेन और उत्तरी आयरलैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस फिलिप के निधन पर शोक जताया है। महासचिव ने ब्रिटेन के लोगों और महारानी से अपनी संवेदना प्रकट की है।

गुतारेस ने कहा कि ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस फिलिप ने महारानी को 60 साल तक उनके दायित्वों के निर्वहन में मदद की। बयान में कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने मानवता की बेहतरी के लिए ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग के कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।


यह भी पढ़ें : ब्रिटिश शाही परिवार : नस्लभेद ही नहीं, इन कारणों से पहले भी विवादों में रहा है राजघराना

यह भी पढ़ें : ब्रिटिश रॉयल : साल में आखिर कितने दिन काम करता है ब्रिटेन का शाही परिवार, यहां जानिए

यह भी पढ़ें : ब्रिटिश राजपरिवार : जानें दुनिया के सबसे चर्चित शाही परिवार के अजीब नियम

यह भी पढ़ें : ब्रिटिश राजपरिवार में एक नहीं, 20 हैं उत्तराधिकारी, क्या जानते हैं इनके बारे में आप

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें