अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद से जो बाइडन की प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बातचीत हो चुकी है, लेकिन पाकिस्तान से अभी तक उनकी बात नहीं हो पाई है। इसको लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पिछले दिनों सवाल भी खड़े किए थे। अब व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने कहा है कि वह इस बात का अनुमान नहीं लगा सकती कि राष्ट्रपति जो बाइडन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से कब बात करेंगे। हालांकि, अधिकारी ने कहा कि दोनों देशों के बीच उच्च स्तर पर बातचीत हो रही है।
हाल ही में अमेरिकी मीडिया के साथ साक्षात्कारों में पीएम इमरान खान ने कहा था कि एक "व्यस्त" राष्ट्रपति बाइडन ने उनसे बात करने की जहमत नहीं उठाई, जबकि अफगानिस्तान को स्थिर करने के लिए वाशिंगटन को पाकिस्तान का समर्थन चाहिए था।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने नियमित प्रेस वार्ता के दौरान सोमवार को यह पूछे जाने पर कि क्या बाइडन जल्द ही खान को फोन कर सकते हैं या नहीं, इस पर साकी ने कहा, "मेरे पास इस समय अनुमान लगाने के लिए कुछ भी नहीं है। यदि वे कोई बात-मुलाकात करते हैं, तो हम निश्चित रूप से आप सभी को इस बारे में बताएंगे।"
दोनों देशों के बीच बातचीत जारी- जेन साकी
मीडिया ने साकी से पूछा कि जब राष्ट्रपति बाइडन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक कर रहे थे तो इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र में मंच से अफगानिस्तान में "अमेरिका की कार्रवाइयों की तीखी आलोचना की थी और उन्होंने अपने और राष्ट्रपति बाइडन के बीच प्रत्यक्ष रूप से संवाद की कमी पर भी अफसोस जताया था। इस पर साकी ने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान में विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और बाइडेन प्रशासन के अन्य प्रमुख घटकों के नेताओं के साथ उच्च स्तर पर संपर्क में है। उन्होंने कहा कि इस वक्त राष्ट्रपति ने हर विदेशी नेता से बात नहीं की है; यह बिल्कुल सच है, लेकिन निश्चित रूप से विशेषज्ञ टीम इस पर काम कर रही है।