प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (फाइल फोटो)
इस सप्ताह बिश्केक में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हिस्सा लेंगे। यहां वह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात होगी।
एससीओ शिखर सम्मेलन 13 और 14 जून को आयोजित होना है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने रविवार को कहा था कि शी जिनपिंग 12 से 16 जून तक किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान की राजकीय यात्रा करेंगे। इस बीच 13 और 14 जून को वह एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री ने पिछले सप्ताह कहा था कि दोनों नेता एससीओ शिखर सम्मेलन के मौके पर मिलेंगे। पिछले साल वुहान में शी और मोदी के बीच अनौपचारिक शिखर वार्ता का उदाहरण देते हुए मिस्त्री ने कहा कि यह ध्यान देने योग्य है कि हमारे नेताओं ने पिछले साल विभिन्न बहुपक्षीय सम्मेलनों में चार बार मुलाकात की।
बता दें कि एससीओ चीन के नेतृत्व वाला आठ सदस्यीय आर्थिक एवं सुरक्षा ब्लॉक है। इस समूह में भारत और पाकिस्तान को साल 2017 में शामिल किया गया था।