फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Slovakia-India: पीएम मोदी बोले- टेक्नोलॉजी हमारे संबंधों का आधार, भारत-स्लोवाकिया के बीच कई अहम समझौते

Mon, 15 Jun 2026 03:28 PM IST
Rahul Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ब्रातिस्लावा।

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर स्लोवाकिया पहुंचे हुए हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको की उपस्थिति में भारत और स्लोवाकिया के बीच महत्वपूर्ण समझौतों का आदान-प्रदान हुआ।
विज्ञापन
स्लोवाकिया दौरे पर पीएम मोदी - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब @नरेंद्र मोदी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके स्लोवाकियाई समकक्ष रॉबर्ट फिचो के बीच ब्रातिस्लावा कैसल में अहम मुलाकात हुई। दोनों के अहम बैठक हुई, जिसके बाद एक संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताया और भारत-ईयू एफटीए को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया की मदद का आभार भी जताया। साझा वक्तव्य के दौरान पीएम मोदी ने कहा, प्रधानमंत्री और मैंने हमारे सहयोग को नई दिशा और नई गति देने के बारे में विस्तार से चर्चा की। हमारे द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक साझेदारी में हुई प्रगति हमारे लिए संतोष की बात है। हालाँकि, हमारी क्षमताएं बहुत अधिक हैं और हमारी आकांक्षाएं उससे भी कहीं अधिक हैं।

विज्ञापन


पीएम मोदी ने कहा, हमारे आत्मीयता भरे स्वागत के लिए मैं प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको अनुभवी नेता होने के साथ भारत के सच्चे मित्र हैं। भारत स्लोवाकिया के संबंधों को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में उनकी मित्रता और अटूट प्रतिबद्धता का विशेष महत्व रहा है। मुझे खुशी है कि आज उनसे मिलकर हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने का शुभ अवसर मिला। मेरी ये यात्रा किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा है।

टेक्नोलॉजी हमारी भावी साझेदारी का महत्वपूर्ण स्तंभ- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि, इंडिया-ईयू, एफटीए को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया से मिले सहयोग के लिए मैं प्रधानमंत्री जी का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। हम इसके जल्द से जल्द इम्प्लीमेंटेशन के लिए काम करेंगे ताकि दोनों देशों के उद्योग, स्टार्टअप्स और ट्रेडर्स इसका अधिकतम लाभ उठा सकें। टेक्नोलॉजी हमारी भावी साझेदारी का महत्वपूर्ण स्तंभ है। डिजिटल टेक्नोलॉजी पर आज किए गए समझौते इसे डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर में सहयोग की नई संभावनाएं बनाएंगे। मुझे खुशी है कि स्लोवाकिया की एक यूनिवर्सिटी में एआई के विषय पर इंडिया चेयर स्थापित की जा रही है। एआई मानवता की सेवा और प्रगति का सशक्त माध्यम बने, यही हमारी साचा सोच है। हमारा मानना है कि एआई का भविष्य केवल इनोवेशन से नहीं बल्कि ट्रस्ट, रिस्पॉन्सिबिलिटी और ह्यूमन डिग्निटी पर आधारित होना चाहिए।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, सिविल न्यूक्लियर एनर्जी भी दोनों देशों के लिए मुख्य प्राथमिकता का क्षेत्र है। हमने इस क्षेत्र में दोनों देशों की इंडस्ट्रीज और एक्सपर्ट्स के बीच सहयोग बढ़ाने पर बल दिया। रक्षा सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास और स्ट्रेटेजिक कन्वर्जेंस का प्रमाण है। मुझे खुशी है कि इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में आज हमने 'लेटर ऑफ इंटेंट' साइन किया। इससे साझा विकास, साझा उत्पादन और डिफेंस इंडस्ट्रीज के बीच सहयोग को नई गति मिलेगी। वैश्विक मंच पर भी भारत और स्लोवाकिया करीबी सामंजस्य से आगे बढ़ रहे हैं। हम सहमत हैं कि सभी विवादों और तनावों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए।

पीएम ने कहा,  दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंध हमारे संबंधों को मज़बूत आधार प्रदान करते हैं। भारत के प्राचीन उपनिषदों का स्लोवाक भाषा में अनुवाद किया जाना हमारी सांस्कृतिक निकटता का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्लोवाकिया में रहने वाले भारतीय मूल के लोग यहां की अर्थव्यवस्था और समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 2017 में स्लोवाकिया की पहली सैटेलाइट भारत द्वारा लांच की गई थी। आज भारत में स्पेस सेक्टर अभूतपूर्व गति से नई ऊंचाइयां छू रहा है। मैं स्लोवाकिया की कंपनियों को इस विकास-यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं।

रॉबर्ट फिको ने पीएम मोदी को लंबे कार्यकाल के लिए दी बधाई  
इस मौके पर स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने कहा, मैं बहुत सम्मान के साथ भारत के स्वतंत्र नज़रिए और रुख का पालन करता हूं और स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री के तौर पर मैं स्लोवाकिया की एक ऐसी स्वतंत्र विदेश नीति अपनाता हूं जो चारों दिशाओं पर केंद्रित है। मैं बहुत सम्मान के साथ देखता हूं कि अंतरराष्ट्रीय कानून आपके लिए कितना महत्वपूर्ण है।  रॉबर्ट फिको ने कहा, आज हमने प्रधानमंत्री के साथ भारत और स्लोवाकिया के बीच सहयोग को 'व्यापक और रणनीतिक सहयोग' का दर्जा देने पर सहमति जताई है।

रॉबर्ट फिको ने कहा, स्लोवाकिया इस बात का स्वागत करता है कि मुक्त व्यापार को लेकर ईयू और भारत के बीच समझौता हुआ है। यह अब तक हुए सबसे बड़े और अहम मुक्त व्यापार समझौतों में से एक है और स्लोवाकिया न केवल इस समझौते का स्वागत करता है, बल्कि इसे जल्द से जल्द लागू करने के लिए सभी ज़रूरी और व्यावहारिक कदम भी उठाएगा। 

'लगातार 12 वर्षों तक बने रहना किसी राजनीतिक चमत्कार जैसा'
प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने कहा, जाहिर है, मैं राजनीतिक स्थिरता का जिक्र किए बिना नहीं रह सकता, जिसका प्रतिनिधित्व आप भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर करते हैं और मैं आपको इस बात के लिए बधाई देता हूं कि आप भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री हैं, क्योंकि इतने मुश्किल माहौल में और इतनी सारी राजनीतिक पार्टियों वाले व्यापक परिवेश में लगातार 12 वर्षों तक बने रहना किसी राजनीतिक चमत्कार जैसा है। मैं आपको इसके लिए बधाई देना चाहता हूं।

स्लोवाकिया अब भारत का बड़ा साझेदार, रक्षा उत्पादन में सहयोग बढ़ाएंगे दोनों देश
भारत और स्लोवाकिया द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक ले जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच सोमवार को हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में इस पर सहमति बनी। दोनों देशों के बीच इस दौरान पेशेवरों की आवाजाही, डिजिटल तकनीक और रक्षा क्षेत्र समेत 11 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इनमें साझा रक्षा विकास और उत्पादन की दिशा में बढ़ने से जुड़े लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर शामिल है।

दोनों नेता भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द लागू करने पर भी सहमत हुए। उम्मीद है कि इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध काफी मजबूत होंगे। पीएम मोदी यूरोप की अपनी एक सप्ताह की यात्रा के तहत अभी स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में हैं। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस यूरोपीय देश की यह पहली यात्रा है।

पीएम मोदी ने कहा, हमने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी का दर्जा देने का फैसला किया है। यह हमारी साझा सोच, साझा प्राथमिकताओं और साझा भविष्य का प्रतीक है। इस व्यापक साझेदारी का मकसद आपसी संबंधों को नए स्तर पर ले जाना, मौजूदा सहयोग तंत्र को मजबूत करना और द्विपक्षीय व बहुपक्षीय स्तर पर सहयोग को और गहरा करने के नए रास्ते तलाशना है। मैंने और पीएम फिको ने संबंधों को नई दिशा देने के तरीकों पर चर्चा की। मोदी ने भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते में स्लोवाकिया के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री फिको का आभार जताया। उन्होंने कहा, हम इसे जल्द से जल्द लागू करने की दिशा में काम करेंगे ताकि दोनों देशों के उद्योगों, स्टार्टअप्स और व्यापारियों को इसका ज्यादा से ज्यादा फायदा मिल सके। 

भारत और ईयू एफटीए सबसे महत्वाकांक्षी व्यापार समझौता
प्रधानमंत्री फिको ने भारत-ईयू एफटीए को अब तक हुए सबसे महत्वाकांक्षी व्यापार समझौतों में से एक बताया। उन्होंने कहा, स्लोवाकिया इसे लागू करने के लिए जरूरी और व्यावहारिक कदम भी उठाएगा। स्लोवाकिया की अर्थव्यवस्था में ऑटोमोटिव सेक्टर के महत्व पर जोर देते हुए फिको ने कहा, हमारे देश में कारों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। यह उन क्षेत्रों में से एक है, जहां 10 प्रतिशत ड्यूटी पर समझौता हुआ है। इसलिए यह समझौता स्लोवाकिया के लिए फायदेमंद है।

भरोसे और रणनीतिक तालमेल का सबूत रक्षा सहयोग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमारा रक्षा सहयोग दोनों पक्षों में गहरे आपसी भरोसे और रणनीतिक तालमेल का सबूत है। दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग पर लेटर ऑफ इंटेंट को अंतिम रूप दिया। मोदी ने कहा कि इससे दोनों पक्षों के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग को नई गति मिलेगी।

वीजा प्रक्रिया आसान बनाने को खास सिस्टम बनाएंगे भारत व स्लोवाकिया
भारत-स्लोवाकिया ने आपसी वीजा प्रक्रिया को आसान बनाने, कानूनी तौर पर लोगों के आने-जाने व दोनों देशों के बीच यात्रा करने वालों की सुरक्षा तय करने के लिए नियमित कॉन्सुलर चर्चा प्रणाली पर सहमति जताई है। पीएम नरेंद्र मोदी और स्लोवाकिया के समकक्ष रॉबर्ट फिको में सोमवार को हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में इस बारे में सहमति बनी। दोनों नेताओं ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की और मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बीच चर्चा व कूटनीति से शांति-स्थिरता की प्रतिबद्धता दोहराई।

विदेश मंत्रालय ने कहा, कॉन्सुलर मामलों में सहयोग दोनों देशों के लिए लगातार रुचि का विषय रहा है। इस संदर्भ में वे कॉन्सुलर मामलों में सहयोग को आसान बनाने के लिए सहमत हुए। वार्ता के बाद साझा बयान में कहा गया कि दोनों देश वैश्विक मंच पर करीबी तालमेल के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, दोनों देश वैश्विक मंच पर भी करीबी तालमेल के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री फिको का आभार जताते हुए उन्हें अनुभवी नेता व भारत का सच्चा दोस्त बताया। साथ ही पीएम फिको को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

पीएम मोदी के स्लोवाकिया दौरे की उपलब्धियां

  • श्रम प्रवासन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन
  • रक्षा क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने हेतु आशय पत्र
  • डिजिटल प्रौद्योगिकियों पर समझौता ज्ञापन
  • उच्च शिक्षा-अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन
  • ऑडियो-विजुअल के सृजन पर समझौता ज्ञापन
  • कोसिसे यूनिवर्सिटी में एआई क्षेत्र में आईसीसीआर चेयर स्थापित
  • क्वांटम कम्यूनिकेशन, इन्फ्रास्ट्रक्चर संरक्षण क्षेत्र में समझौता
  • राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे, आयुष मंत्रालय और स्लोवाक हेल्थ स्पा पिएस्टानी के बीच समझौता ज्ञापन
  • छात्रों के आदान-प्रदान हेतु आईआईटी, दिल्ली और स्लोवाक तकनीकी विश्वविद्यालय के बीच समझौता
  • पर्यटन ऑपरेटर संघों के बीच पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग
  • भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी व स्लोवाक विज्ञान अकादमी के बीच वैज्ञानिक सहयोग पर समझौता


भारतीय कारोबारियों को दिया निवेश का न्योता
फिको ने भारतीय कारोबारियों को स्लोवाकिया में निवेश करने का खुला न्योता दिया। उन्होंने देश की सियासी स्थिरता, कारोबार के लिए अनुकूल माहौल और विदेशी निवेशकों का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया। फिको ने कहा, माननीय प्रधानमंत्री जी, मैं भारत के निवेशकों को स्लोवाकिया आने का न्योता दोहराता हूं। आपके पास ऐसी कंपनियां हैं जो हमारी सरकार पहलों का गर्मजोशी से स्वागत करेंगी।

तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं

  • द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक उन्नत करना
  • आतंकवाद विरोधी संयुक्त कार्य समूह की स्थापना
  • कांसुलर संवाद की स्थापना


आतंक-रोधी साझा कार्यबल बनाएंगे, पहलगाम हमले की निंदा
वार्ता के बाद दोनों देशों ने आतंक-रोधी साझा कार्य समूह बनाने की घोषणा की। साथ ही सीमा-पार आतंकवाद सहित इसके सभी रूपों की कड़ी निंदा की। दोनों नेताओं ने 22 अप्रैल, 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की भी निंदा की।

स्लोवाकिया के विवि में एआई पर इंडिया चेयर की स्थापना होगी
प्रौद्योगिकी में सहयोग के तहत स्लोवाकिया के एक विश्वविद्यालय में एआई पर इंडिया चेयर स्थापना की घोषणा हुई। डिजिटल टेक्नोलॉजी पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद पीएम मोदी ने कहा, टेक्नोलॉजी हमारी भविष्य की साझेदारी का एक अहम स्तंभ है।

भारत-स्लोवाकिया सांस्कृतिक संबंधों की मिसाल बना 'महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट'
 पीएम ने रविवार के कार्यक्रम की एक अद्भुत और सुखद झलकी साझा की। ये 'महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट' का अंश था।44 सेकंड की वीडियो क्लिप में प्रोजेक्ट के सदस्य 'शंभू-शंभू' का जाप करते और विभिन्न वाद्ययंत्रों से समां बांधते देखे जा सकते हैं। प्रधानमंत्री भी उनके साथ ताली बजा कर उत्साहवर्धन करते दिख रहे हैं। जैसे ही प्रस्तुति संपन्न होती है, पीएम "ओम शांति" कह कर अभिवादन करते हैं।

सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने एक पोस्ट के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने स्लोवाकिया में भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को बढ़ावा देने वाले इस प्रोजेक्ट की सराहना की और कहा, "यह पहल भारत और स्लोवाकिया के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित करती है।"

प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने ब्रातिस्लावा में इस समूह का प्रस्तुतीकरण देखा और उनकी कला से प्रभावित हुए। यह देखकर प्रसन्नता हुई कि टीम भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं, संस्कृत मंत्रों और भारत की सांस्कृतिक विरासत से गहराई से प्रेरित है। पीएम मोदी ने समूह के संस्थापक मेरेक जिलिनेक और पूरी टीम को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें