भारतीयों समेत 303 यात्रियों को निकारागुआ लेकर जा रहे विमान को तीन दिन तक रोके जाने के बाद फ्रांस ने सोमवार को फिर यात्रा शुरू करने की अनुमति दे दी है। उड़ान की अनुमति के बाद फ्रांस के चार जजों ने यात्रियों के बयान दर्ज करना बंद कर दिया है।
निकारागुआ जा रहे विमान को फ्रांसीसी अधिकारियों ने मानव तस्करी के संदेह में बृहस्पतिवार को वैट्री हवाईअड्डे पर हिरासत में ले लिया था। विमान के सोमवार सुबह आगे की यात्रा पर रवाना होने की उम्मीद है।
भारत आने की उम्मीद
माना जा रहा है कि विमान भारत आ सकता है, क्योंकि ज्यादातर यात्री यहीं के हैं। हालांकि विमान के निकारागुआ या दुबई जाने की भी चर्चाएं हैं। मीडिया के मुताबिक, 10 यात्रियों ने शरण का भी अनुरोध किया है, लेकिन उस पर क्या फैसला हुआ, इसकी कोई जानकारी नहीं है। यह विमान रोमानियाई चार्टर कंपनी लेजेंड एयरलाइंस का है। एयरलाइंस के वकील ने मानव तस्करी से इन्कार किया।
क्या था मामला
गौरतलब है कि गुरुवार को एयरबस A340 दुबई से उड़ान भरकर निकारागुआ जा रही थी। इस फ्लाइट में कुल 303 भारतीय सफर कर रहे थे। विमान फ्यूल भरवाने के लिए फ्रांस के एक छोटे से एयरपोर्ट वैट्री पर रुका था। इसी दौरान फ्रांस पुलिस को खबर मिली कि विमान में सफर कर रहे भारतीय मानव तस्करी का शिकार बनने जा रहे हैं। इसके बाद फ्रांस पुलिस टीम एयरपोर्ट पर पहुंच गई और विमान को उड़ान भरने रोक दिया। तब से रोमानिया स्थित लीजेंड एयरलाइंस का विमान पेरिस से लगभग 150 किलोमीटर पूर्व में वैट्री एयरपोर्ट पर रुका हुआ है। यात्रियों में 11 नाबालिग भी हैं।
फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार, फ्रांस के न्यायाधीशों ने प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण 300 से अधिक यात्रियों की सुनवाई रद्द करने का फैसला किया है। हालांकि, इससे पहले रविवार को सभी यात्रियों को फ्रांस की अदालत में पेश किया गया, जहां इनको हिरासत में रखने की अधिकतम अवधि पर चर्चा हुई। चार न्यायाधीशों ने यात्रियों से उनकी यात्रा के उद्देश्यों की पुष्टि करने के लिए पूछताछ की। साथ ही सभी यात्रियों से बात करने के लिए दो दिन का समय दिया है।
भारतीय दूतावास भी एक्शन में आया
इस बीच फ्रांस पुलिस ने भारतीय दूतावास को भी मामले की जानकारी दी। फ्रांस में भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि करते हुए एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट किया था, 'फ्रांस के अधिकारियों ने हमें इस मामले की जानकारी दी है। हम अपने नागरिकों तक पहुंच गए हैं और काउंसर एक्सेस प्राप्त कर लिया है। उनकी पूरी तरह से मदद कर रहे हैं।'