ऐसा लगता है कि अमेरिका में कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में पहल जो बाइडन प्रशासन के हाथ से निकल गई है। इसकी एक वजह मास्क पहनने संबंधी दिशा-निर्देशों में हुआ गड़बड़झाला है। दूसरी वजह कोरोना वैक्सीन के बूस्टर को लेकर विश्वसनीय दिशा-निर्देश जारी करने में उसकी नाकामी है। बाइडन प्रशासन के कुछ अधिकारी लोगों से वैक्सीन का बूस्टर डोज लगवाने की अपील कर रहे हैं। लेकिन ज्यादातर लोग उस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बूस्टर डोज लगवाने के बारे में देश में लोगों की अलग-अलग राय है। एक राय यह है कि दवा कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए टीके की एक और डोज लगवाने की बात लोगों को बताई जा रही है। वैसे वैज्ञानिकों ने कहा है कि ऐसे लोगों को बूस्टर डोज जरूर लगवानी चाहिए कि इम्युनिटी कमजोर है। कुछ लोगों ने इस बात पर ध्यान भी दिया है। उन्होंने बूस्टर डोज लगवाई हैं। लेकिन पर्यवेक्षकों का कहना है कि इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट सरकारी दिशा-निर्देश ना आने के कारण भ्रम बना हुआ है।