बार-बार नजरबंद और रिहाई जैसी कठोर प्रक्रिया से गुजरने के बाद भी शांति का परचम लहराने वाली आंग सान सू की के राजनीतिक दल नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) के एक अधिकारी की राखिन राज्य में हत्या कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक, अधिकारी को 11 दिसंबर को अगवा किया गया था। इसी दिन सू की ने ‘द हेग’ में म्यांमार के खिलाफ नरसंहार के आरोपों पर देश का बचाव करना शुरू किया और उक्त अधिकारी सू की के समर्थन में प्रदर्शन की योजना बना रहा था।
एनएलडी के ये थिन को रखाइन राज्य में और अधिक स्वायत्ता पाने के लिए संघर्ष कर रहे उग्रवादियों के संगठन अराकान सेना ने बंधक बनाया था। उग्रवादियों ने कहा कि बुथिदाउंग कस्बे में एनएलडी इकाई के प्रमुख थिन की मौत क्रिसमस के दिन हुए सेना के हमलों में हुई।
लेकिन एनएलडी के प्रवक्ता म्यो न्यूंट ने कहा कि अधिकारी की मौत का जिम्मेदार उग्रवादी समूह है। न्यूंट ने कहा, ‘इस क्षति का एनएलडी के हम सभी सदस्यों को बहुत दुख है। सू की के समर्थन में सभा करने में कुछ गलत नहीं था और यह कोई अपराध नहीं था।’
अराकान सेना ने राखिन राज्य में सेना और स्थानीय अधिकारियों के खिलाफ अपहरण, बमबारी और छापेमारी की घटनाओं को अंजाम दिया है।