पाक पीएम इमरान खान (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
भारतीय थल सेना और वायुसेना की सर्जिकल स्ट्राइक के खौफ से पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान अभी तक निजात नहीं पा सके हैं। उन्हें अब भारत द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर हमले का डर सता रहा है। उन्होंने झेलम जिले में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अपने घरेलू मसलों से ध्यान भटकाने के लिए पीओके में कार्रवाई कर सकता है। हालांकि साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी सेना ऐसे किसी भी कदम के लिए पूरी तरह से तैयार है।
इमरान की यह टिप्पणी पाक सेना के उस बयान के बाद आई जिसमें उसने कहा था कि एलओसी पार से भारतीय सैनिकों की गोलाबारी में उसके दो जवान मारे गए हैं। पाक पीएम ने कहा कि वह पिछले पांच महीने से दुनिया को यह बता रहे हैं कि मोदी-आरएसएस की सरकार कश्मीर और नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे प्रदर्शनों से ध्यान हटाने के लिए पीओके में निश्चित तौर पर कार्रवाई करेगी। खान ने कहा कि उन्होंने भारत की ओर से हमले के खतरे को लेकर सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा से चर्चा की और जनरल ने बताया कि पाकिस्तान उससे निपटने के लिए तैयार है।