Pakistan: पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवादियों के ठिकाने पर ड्रोन हमला किया, जिसमें कई आतंकवादी मारे गए, लेकिन आम नागरिकों की भी मौत हुई। प्रांतीय सरकार ने बयान जारी कर इसकी पुष्टि की।
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने शनिवार को अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों के ठिकाने पर ड्रोन हमला किया किया। इस में अज्ञात संख्या में आतंकवादी मारे गए। साथ ही आम नागरिकों की भी मौत हुई। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
प्रांतीय सरकार की ओर से जारी बयान में नागरिकों के हताहत होने की पुष्टि की गई और आशंका जताई गई कि मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हो सकते हैं। बयान में कहा गया, आतंकवाद रोधी अभियान के तहत मरदान जिले के कटलंग क्षेत्र की दूरस्थ पहाड़ियों में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया।
बयान में कहा गया कि अभियान विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया, जिसमें पता चला था कि सशस्त्र आतंकवादी इस स्थान को ठिकाने और आवागमन केंद्र के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे। इसमें क्षेत्र में सक्रिय कई प्रमुख आतंकवादी मारे गए। दुर्भाग्य से बाद की रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि लक्ष्य क्षेत्र के आसपास महिलाएं और बच्चे सहित नागरिक भी हताहत हुए। इसे अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा गया कि नागरिकों के हताहत होने से बचने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाते हैं। हालांकि, जटिल भौगोलिक स्थिति, नागरिक आबादी के बीच छिपने की आतंकियों की रणनीनीति और संघर्ष की अनिश्चितता कभी-कभी अनचाहे नतीजों की वजह बन सकती है।
सरकार ने कहा कि घायलों को मेडिकल सहायता दी जा रही है और पीड़ित परिवारों को राहत व मुआवजा प्रदान किया जाएगा। साथ ही इलाके में नागरिकों की मौजूदगी के कारणों की जांच की जा रही है। बयान में कहा गया कि सुरक्षा बल उच्चतम मानकों के अनुरूप काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए खतरों को खत्म करने पर फोकस कर रहे हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार मुहम्मद अली सैफ ने निर्दोष लोगों की मौत पर दुख जताया और इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने कहा, सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्ति करती है। ऐसे अभियानों में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।