पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-झांगवी के छह संदिग्ध आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) को यहां से करीब साढ़े तीन सौ किलोमीटर दूर मुजफ्फरगढ़ के पत्ती सुल्तान में लश्कर के आतंकवादियों की मौजूदगी की खबर मिली थी।
आतंकी यासिन अपने साथियों के साथ मिलकर दक्षिण पंजाब में कानून को लागू कराने वाली एजेंसियों के कार्यालयों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था। सीटीडी की एक टीम ने शुक्रवार को पुलिस के साथ मिलकर आतंकवादियों के ठिकाने पर छापा मारा और उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा।
आतंकवादियों ने टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मियों की टीम ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ में यासिन समेत छह संदिग्ध आतंकवादी ढेर हो गए। मुठभेड़ स्थल से हथगोले और अन्य हथियार मिले हैं। पिछले हफ्ते सीटीडी ने दक्षिण पंजाब में जमात-उल-अहरार के 11 आतंकवादियों को मार गिराया था।