पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के ‘प्रधानमंत्री’ राजा फारूक हैदर खान करतारपुर कॉरिडोर की तर्ज पर पीओके में हिंदू, सिख और बौद्ध धार्मिक स्थलों को जम्मू-कश्मीर की जनता के लिए खोलने की ख्वाहिश रखते हैं। हैदर ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान सरकार के सामने इस प्रस्ताव को रखा है।
हैदर ने कहा, ‘पीओके में 600 से ज्यादा मंदिर, गुरुद्वारे और बौद्धों के धार्मिक स्थल हैं। अगर इन धार्मिक स्थलों को करतारपुर कॉरिडोर की तर्ज पर जम्मू-कश्मीर के सिख, हिंदू और बौद्धों के लिए खोला जाता है, तो इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही दोनों देशों के रिश्ते मजबूत होंगे।
भारत और पाकिस्तान को अपने बीच विवाद सुलझाने में भी मदद मिलेगी।’ भारत और पाकिस्तान सिखों के लिए धार्मिक लिहाज से बेहद अहम करतारपुर कॉरिडोर को विकसित करने के लिए राजी हुए हैं। 28 नवंबर को पाकिस्तानी पीएम इमरान खान ने करतारपुर कॉरिडोर की आधारशिला रखी थी।