पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत को गीदड़भभकी दी है। पाक रक्षा मंत्री खुर्रम दस्तगीर ने कहा कि भारत के किसी भी दुस्साहस का पाकिस्तान करारा जवाब देगा। दस्तगीर ने यह बयान सोमवार को ‘कश्मीर एकजुटता दिवस’ के मौके पर राष्ट्रपति ममनून हुसैन द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया।
‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के मुताबिक, दस्तगीर ने कहा, अगर भारत उकसाता है तो हम पूरा अधिकार रखते हैं कि उन्हें जवाब दें। हालांकि ये जवाब कितना बड़ा होगा, यह हम तय करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका देश भारत के साथ 2003 के सीज फायर समझौते को लेकर प्रतिबद्ध है लेकिन युद्ध के मामले में जवाबी कार्रवाई के सिलसिले में इस प्रतिबद्धता को उसकी कमजोरी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि भारतीय सुरक्षा बल कश्मीर में मानवता के खिलाफ अपराध में लिप्त हैं। एक अन्य कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत द्वारा कथित तौर पर संघर्ष विराम तोड़े जाने के मामले में जवाबी कार्रवाई पर फैसला लेने का अधिकार इस्लामाबाद के पास पूरी तरह सुरक्षित है।