300 से ज्यादा यात्रियों की जान खतरे में डालने वाले पायलट के खिलाफ पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) ने सख्त कार्रवाई की है। 26 अप्रैल को लंदन जा रही फ्लाइट में ढाई घंटे सोए रहने की वजह से पीआईए ने कैप्टन आमिर अख्तर हाशमी को फ्लाइंग ड्यूटी से हटा दिया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तानी अखबार डॉन ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि 26 अप्रैल को पीके -785 इस्लामाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट में वरिष्ठ पायलट हाशमी विमान को ट्रेनी के हवाले कर बिजनेस क्लास पैसेंजर कैबिन में ढाई घंटे तक सोए थे।
पीआईए के प्रवक्ता दानियाल गिलानी ने कहा कि हाशमी को जांच के चलते फ्लाइंग ड्यूटी से हटाया गया है। प्रवक्ता से इस संबंध में जब और सवाल पूछे गए तो उन्होंने जवाब देने से साफ इंकार कर दिया।
हालांकि, शुरु में इस घटना की खबर आने के बाद पीआईए ने पायलट के खिलाफ एक्शन लेने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई, लेकिन बाद में दबाव बढ़ने की वजह से उसे कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा।