पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात के बाद से बौखलाए पाकिस्तान ने अपने सहयोगी अमेरिका समेत भारत पर तीखी टिप्पणी की है। पाक मीडिया का कहना है कि अमेरिका भारत की भाषा बोल रहा है और उसने कश्मीर के मामले को लेकर दोहरा चरित्र दिखाया है।
पाकिस्तान की स्टेट मीडिया द्वारा अमेरिका की कड़ी आलोचना सोमवार और मंगलवार को हुई दो बड़ी घटनाओं के बाद सामने आई है। पहली घटना सोमवार की है जब अमेरिका ने हिजबुल कमांडर सलाहुद्दीन को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया। वहीं दूसरी घटना मंगलवार की है जब भारत और अमेरिका ने अपने साझा बयान में पाक की कड़ी आलोचना करते हुए कहा था कि वो आतंकवादी गतिविधियों में अपनी जमीन के इस्तेमाल न होने दे।
पाकिस्तान अखबार डॉन का दावा है कि मंगलवार को आंतरिक मंत्री चौधरी निसार ने कहा है कि अमेरिका को कश्मीरियों के खून की कोई परवाह नहीं है, उसे लगता है कि कश्मीर में मानवाधिकार उल्लंघन का अंतरराष्ट्रीय कानून लागू नहीं होता। निसार ने ये भी कहा कि उसका न्याय दिखावटी है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक कश्मीर को लेकर अमेरिका की कार्रवाई दिखावटी है और उसका दोहरा चरित्र उजागर हो गया है।