पाकिस्तान में दो नाबालिग हिंदू बहनों के अपहरण और जबरन उनका धर्म परिवर्तन कराने की खबरों के बीच एक अन्य हिंदू लड़की के अपहरण मामले में नया मोड़ आ गया है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान के एक शख्स ने दावा किया कि हिंदू लड़की ने इस्लाम कबूल किया है और उससे शादी की है। अब वह उसकी बीवी है। व्यक्ति ने लड़की के पिता के उस दावे को भी खारिज किया कि वह नाबालिग है।
सिंध प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री हरि राम किशोरी लाल ने मंगलवार को पुलिस को इस मामले में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। पुलिस में दर्ज शिकायत में लड़की के पिता ने बताया कि उसकी बेटी महज 14 साल की है। 17 मार्च को चार हथियारबंद लोगों ने घर से उसकी बेटी का अपहरण कर लिया था। अपहरणकर्ताओं में तीन को वह पहचानता नहीं।
ये भी पढ़ेंः पाकिस्तान में हिंदू लड़कियों का अपहरण और धर्म परिवर्तन कराता है मिट्ठू
अंग्रेजी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, व्यक्ति ने दावा किया कि लड़की ने इस्लाम कबूल किया है, जिसकी उम्र 19 साल है। उसने मुझसे शादी की है। अब वह मेरी बीवी है। इतना ही नहीं, व्यक्ति ने अपने दावे को साबित करने के लिए मीडिया को कुछ दस्तावेज भी भेजे हैं।
अपहरण के इस मामले से पहले सिंध प्रांत के घोटकी जिले में होली की पूर्व संध्या पर दो नाबालिग बहनों के अपहरण की घटना ने मीडिया में सुर्खियां बटोरी थी। भारत को भी इस मामले में दखल देना पड़ा था, जिसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद आरोपियों को पंजाब प्रांत से गिरफ्तार किया जा सका।