आजादी से लेकर अब तक पाकिस्तान कश्मीर पर अपना अधिकार थोपने की लगातार नापाक कोशिशें करता आ रहा है, लेकिन अब पाक के इतिहास में शायद पहली बार किसी नेता ने कश्मीर को लेकर नरमी बरती है, और अपने ही मुल्क को सलाह दी कि भारत से युद्ध लड़कर पाकिस्तान कभी कश्मीर नहीं ले पाएगा।
पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने एक समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में भारत-पाक संबंधों पर अपनी राय रखी। उनसे जब कश्मीर के बारे में सवाल किया गया तो खार ने बड़ी ही साफगोई से कह दिया कि पाकिस्तान भारत से युद्ध नहीं जीत पाएगा। पाकिस्तान ये सोचे भी नहीं कि युद्ध करके भारत से कश्मीर ले लेगा। खार ने कहा कि जब पाकिस्तान को इस स्थिति के बारे में पता है तो एक ही रास्ता बचता है, बातचीत का।
खार ने टीवी चैनल पर ही बोलते हुए अपने मुल्क के हुक्मरानों को सलाह दी कि बातचीत के जरिए ही कश्मीर मुद्दे का कुछ हल निकल सकता है। खार ने बातचीत के जरिए ही भारत के साथ संबंधों को अच्छा बनाने पर जोर दिया।
खार साल 2011 से 2013 तक पाकिस्तान की विदेश मंत्री रह चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान खार भारत भी आई थीं। टीवी पर खार के इंटरव्यू से लग रहा है कि उन्हें पाक की वर्तमान सरकार के रुख से नाराजगी है। खार ने पाकिस्तान की विदेश नीति, भारत-अमेरिका और अफगानिस्तान के साथ रिश्तों पर पाक सरकार को लताड़ा।