अलकायदा सरगना ओबामा बिन लादेन के एबटाबाद स्थित ठिकाने पर मई 2011 में अमेरिकी हमले का नेतृत्व करने वाले पूर्व सीआईए प्रमुख मार्क केल्टन को पाकिस्तान में आईएसआई ने जहर दिया था। शुक्रवार को मीडिया में आई रिपोर्ट में आईएसआई की ओर से अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के पूर्व प्रमुख को जहर देने की आशंका जाहिर की गई है।
लादेन के एबटाबाद स्थित ठिकाने पर हमले के दो महीने बाद स्वास्थ्य का हवाला देकर मार्क केल्टन को इस्लामाबाद से हटा दिया गया था। वहीं वाशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि मार्क केल्टन सीआईए से रिटायर्ड है और पेट की सर्जरी के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।
सीआईए के अधिकारियों का मानना है कि भले यह प्रमाणिक नहीं है लेकिन अचानक ऐसी किसी बीमारी के पीछे आईएसआई का हाथ किसी न किसी तरह से है। इस रिपोर्ट को पाकिस्तानी दूतावास के प्रवक्ता ने मनगढ़ंत बताया है। वहीं द पोस्ट के मुताबिक केल्टन से कई बार इंटरव्यू देने की प्रार्थना की गई लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया लेकिन फोन पर एक छोटी सी बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बीमारी का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। केल्टन ने यह भी कहा कि वे पहले ऐसे शख्स नहीं है जिसे यह शक हो कि उसे जहर दिया गया है
इस मामले में सीआईए प्रवक्ता का कहना है कि इस बात के कोई सबूत नहीं है कि पाक प्राधिकारियों द्वारा अमेरिकी अधिकारी को जहर दिया गया है।