फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान: राष्ट्रपति आरिफ अल्वी भी कोरोना संक्रमित, कुछ दिन पहले ली थी चीन की वैक्सीन की पहली खुराक

Mon, 29 Mar 2021 09:37 PM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

सार

पाकिस्तान के राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। उधर, पाकिस्तान के अधिकारियों ने कोरोना वायरस संक्रमण की दर तेजी से बढ़ने और इसके 11 फीसदी के पार पहुंचने के बाद राजधानी इस्लामाबाद और देश के अन्य अति-संवेदनशील इलाकों में सोमवार को आंशिक लॉकडाउन लागू कर दिया।
विज्ञापन
पाकिस्तान के राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी - फोटो : facebook.com/Dr.ArifAlvi
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी कोरोना वायरस महामारी का कहर जारी है। राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। हालांकि, वह चीन की कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक ले चुके हैं। उन्होंने एक ट्वीट में इसकी जानकारी दी।

विज्ञापन


उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'मेरी कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ईश्वर सभी कोविड-19 पीड़ितों पर दया बनाए रखे। वैक्सीन की पहली खुराक ले चुका हूं लेकिन एंटीबॉडी दूसरी खुराक लेने के बाद बननी शुरू होती हैं। कृपया सावधानी बनाए रखें।'
 
प्रधानमंत्री इमरान खान भी हैं कोरोना से संक्रमित
इससे पहले प्रधानमंत्री इमरान खान भी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। उन्होंने चीन की कोरोना वायरस वैक्सीन लगवाई थी। जानकारी के अनुसार जब इमरान ने वैक्सीन लगवाई थी उसी दिन उनमें बीमारी के लक्षण दिखे थे। हालांकि, अभी इमरान पृथकवास में हैं।
विज्ञापन


देश के कुछ हिस्सों में लगाया आंशिक लॉकडाउन
बता दें कि पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण की दर तेजी से बढ़ रही है और 11 फीसदी के पार पहुंच गई है। इसके बाद अधिकारियों ने राजधानी इस्लामाबाद और देश के अन्य अति-संवेदनशील इलाकों में सोमवार को आंशिक लॉकडाउन लागू कर दिया।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान सरकार पहले से ही बुरे दौर से गुजर रही अपनी अर्थव्यवस्था को और नुकसान होने से बचाने के लिए अब तक राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू करने से बचती रही है। लेकिन, अब देश में स्थिति और गंभीर हो रही है।

देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 4525 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 41 की मौत हुई है। पाकिस्तान में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 659,116 मामले सामने आ चुके हैं। महामारी से 14,256 लोगों की मौत हो चुकी है।


लाहौर और अन्य शहरों में एक अप्रैल से लॉकडाउन
कोविड-19 मामलों में वृद्धि के बीच संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिए पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने लाहौर व प्रांत के अन्य शहरों में एक अप्रैल से 'प्रभावी लॉकडाउन' लागू करने का निर्णय किया है। करीब एक करोड़ 10 लाख लोग इससे प्रभावित होंगे।

लॉकडाउन 11 अप्रैल तक रहेगा और इस दौरान प्रांत में शादी समारोह और भीड़-भाड़ वाले सभी तरह के कार्यक्रम पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। महामारी की शुरुआत के बाद लाहौर में पहली बार पुलिस ने मास्क नहीं पहनने के चलते 100 मुकदमे दर्ज किए हैं।

पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने कहा कि ऑरेंज लाइन मेट्रो और स्पीडो बस सेवा जैसी सभी सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बंद रहेंगी। जबकि, सभी रेस्त्रां और होटलों में खाना खाने पर रोक रहेगी। हालांकि, भोजन घर ले जाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने कहा कि बाजार एवं व्यापारिक गतिविधियों की इजाजत शाम छह बजे तक ही रहेगी और सभी पार्क पूरी तरह बंद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि पंजाब प्रांत में रविवार को संक्रमण के 2,823 नए मामले सामने आए थे जबकि 39 और मरीजों की मौत हुई थी।

मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर अधिक परेशान करने वाली है क्योंकि लाहौर, गुजरांवाला, गुजरात, रावलपिंडी, सरगोधा, फैसलाबाद और मुल्तान शहरों में अब संक्रमण के मामले अधिक संख्या में सामने आ रहे हैं।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें