पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ
- फोटो : एएनआई (फाइल)
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए 50 अरब रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की है। दरअसल, पाकिस्तान में बिजली के दाम बढ़ाए गए थे और इस वजह से आर्थिक तंगी से जूझ रही शहबाज शरीफ सरकार को कई तरह की आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। इस्लामाबाद में ऊर्जा क्षेत्र में सुधार के लिए एक समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें शहबाज शरीफ ने कहा कि यह राहत राशि उन उपभोक्ताओं के लिए है, जो प्रति महीने 200 यूनिट से अधिक बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं।
आम जनता को राहत देने के लिए लिया गया फैसला- शहबाज शरीफ
शहबाज शरीफ ने कहा, ‘आज 200 यूनिट से अधिक बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं के लिए 50 अरब रुपये के राहत पैकेेज का घोषणा की गई है। इस तरह उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट चार से सात रुपये की छूट मिलेगी।’ पीएम शरीफ ने आगे कहा कि इस पैकेज से देशभर के 25 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। यह देश में कुल बिजली उपभाक्ताओं का 94 प्रतिशत है। शहबाज शरीफ के अनुसार, ‘बिजली की बढ़ती कीमतों को देखते हुए आम जनता को राहत देने के लिए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गर्मी के मौसम के दौरान बिजली संकट से निपटना सबसे मुश्किल होता है। हालांकि, अक्तूबर महीने से बिजली की खपत कम होने लगती है।’
बिजली के बढ़े हुए दामों से जनता में था आक्रोश
पाकिस्तान की सरकार पसोपेश की स्थिति में है क्योंकि अंरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने शहबाज शरीफ पर बिजली के दाम बढ़ाने का दबाव डाला है। ऐसा इसलिए क्योंकि पाकिस्तान को नया बेलआउट पैकेज प्राप्त करना है। उधर हर बार बिजली के दामों में बढ़ोतरी से जनता के बीच आक्रोश है। अब शहबाज शरीफ को इस बात का डर था कि कहीं जनता गुस्से में सड़कों पर न उतर जाए। इस वजह से पिछले सप्ताह बिजली के दामों में 51 प्रतिशत बढ़ोतरी के फैसले को वापस ले लिया गया।
रियल एस्टेट क्षेत्र में नए कर लगाए जाएंगे- शहबाज शरीफ
पीएम शहबाज शरीफ ने कहा कि सरकार आईएमएफ के साथ तीन वर्ष के कार्यक्रम पर हस्ताक्षर करने जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए आईएफएफ से बेल आउट पैकेज लिया है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि पाकिस्तान में अब रियल एस्टेट क्षेत्र में नए कर लगाए जाएंगे। इससे सरकारी राजकोष में करीब 100 अरब रुपये आएंगे।