पाकिस्तान में करीब एक हफ्ते तक चले सियासी संकट का सुप्रीम कोर्ट ने अंत कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल असेंबली को बहाल करने का फैसला सुनाया। वहीं इसके बाद पीएम इमरान खान ने आज रात को राष्ट्र को संबोधित करने की घोषणा की है।
पीटीआई नेता फवाद चौधरी ने कहा कि संसदीय समिति की बैठक भी आज होगी और प्रधानमंत्री आज रात राष्ट्र को संबोधित करेंगे। वहीं इस मामले में इमरान खान ने भी ट्वीट किया है कि "मैंने कल संसदीय समिति की बैठक बुलाई है और कल शाम मैं राष्ट्र को संबोधित करूंगा। हमारे देश के लिए मेरा संदेश है कि मैं हमेशा आखिरी गेंद तक पाकिस्तान के लिए लड़ता रहूंगा"।
पाकिस्तान की शीर्ष अदालत ने अविश्वास मत की अस्वीकृति के बाद उठाए गए सभी कदमों को रद्द कर दिया और नेशनल असेंबली को बहाल कर दिया, साथ ही यह घोषणा की कि प्रधानमंत्री और संघीय मंत्री, राज्य मंत्री, सलाहकार से संबंधित कार्यालयों में बहाल किया जाता है। सुप्रीम कोर्ट ने 9 अप्रैल को सुबह 10 बजे पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होना तय की है।
पूर्व पीएम ने साधा इमरान खान पर निशाना
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने लंदन में कहा कि मैं देश के सभी लोगों को बधाई देना चाहता हूं। देश को बर्बाद करने वाले ऐसे शख्स से लोगों ने छुटकारा पा लिया है। इमरान पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने आम लोगों को भूखा रखा। डॉलर आज 200 पर पहुंच गया है और देश में महंगाई से लोग निराश हैं।
शहबाज शरीफ ने सहयोगियों को दिया धन्यवाद
पाकिस्तान के विपक्षी दल के नेता शहबाज शरीफ ने कहा कि आज का दिन पाकिस्तान के इतिहास में सुनहरे शब्दों में याद किया जाएगा। हम सभी विपक्षी दलों के प्रमुखों, सहयोगियों को धन्यवाद देते हैं, जो सच्चाई और प्रतिद्वंद्वियों के लिए बोलने के लिए हमारे साथ शामिल हुए। साथ ही नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता शाहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट का फैसला जनता की उम्मीदों के अनुरूप है।