पाकिस्तान के मियांवली एयरबेस पर हुआ हमला।
- फोटो : Social Media
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित मियांवली में सेना के एयरबेस पर शनिवार सुबह हमला हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ आतंकी अल-सुबह ही सीढ़ी लगाकर और तार काटकर एयरबेस की दीवार फांद गए। इस घटना से जुड़ी जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें एयरबेस में भीषण गोलीबारी और बमबारी के बाद आग लगी देखी जा सकती है।
पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान के मुताबिक, एयरबेस पर आतंकियों ने हमला किया था। इनमें से सभी नौ को पाकिस्तानी सेना ने मार गिराया। सेना ने बताया कि इस हमले में कुछ एयरक्राफ्ट को नुकसान पहुंचा है और उनमें ईंधन भरने वाले फ्यूलिंग टैंक ध्वस्त हो गए।
सेना ने कहा कि इलाके में कायरतापूर्ण हमलों के चलते बड़े स्तर पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया और आतंकी हमले को नाकाम कर दिया गया। पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवरुल हक काकर ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की कोशिशों को इसी तरह जवाब दिया जाएगा।
इस हमले में तहरीक-ए-जिहाद पाकिस्तान (टीजेपी) संगठन के कई आत्मघाती हमलावर शामिल हैं। इस संगठन के प्रवक्ता मुल्ला मोहम्मद कासिम ने हमले को लेकर चेतावनी भी जारी की है।