पाकिस्तान के पेशावर में बुधवार तड़के एक पुलिस चौकी पर आतंकवादियों ने हमला किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तोपों से लैस आतंकवादियों ने पेशावर के अचिनी इलाके में पुलिस चौकी पर हमला किया। हालांकि, हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकवादी मौके से फरार हो गए।
बीते दिन ही दर्जनों हथियारबंद आतंकवादियों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान जिले में एक पुलिस थाने पर हमला किया। आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकियों ने अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हमले तेज कर दिए हैं। टीटीपी के पुलिस थानों पर हमलों के बाद पूरे प्रांत में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रांत में स्थिति की निगरानी की जा रही है। पुलिस पर इस तरह के हमलों को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
गौरतलब है कि मंगलवार को कम से कम 50 आतंकवादियों ने दक्षिण वजीरिस्तान के वाना में पुलिस थाने पर धावा बोल दिया। आतंकवादी गोला-बारूद और हथियार उठा ले गए थे। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में एक आतंकवादी मारा गया था, जबकि एक पुलिसकर्मी घायल हुआ था। बाकी आतंकी भागने में सफल रहे। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
इससे पहले, सोमवार को इस अशांत क्षेत्र में एक सैन्य वाहन को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया गया था, जिसमें कम से कम चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। इसी तरह, रविवार को आतंकवादियों ने दक्षिण वजीरिस्तान जिले की सीमा से सटे लाकी मरवत में बरगई पुलिस थाने पर हमला किया, जिसमें कम से कम चार पुलिसकर्मी मारे गए थे।