फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान: पंजाब प्रांत के मंदिर को मरम्मत के बाद हिंदुओं को सौंपा, भीड़ ने हमला कर की थी तोड़फोड़

Tue, 10 Aug 2021 05:27 PM IST
सुरेंद्र जोशी वर्ल्ड न्यूज, अमर उजाला, लाहौर

सार

पाकिस्तान सरकार ने पंजाब प्रांत के उस मंदिर की मरम्मत करा दी है, जहां गत शनिवार को तोड़फोड़ की गई थी। मंदिर पुन: हिंदुओं को सौंप दिया गया है। 
 
विज्ञापन
मंदिर पर हमले का फाइल फोटो - फोटो : social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान सरकार ने पंजाब प्रांत के उस हिंदू मंदिर की मरम्मत करा दी है, जहां गत दिनों उन्मादी भीड़ ने हमला कर भारी तोड़फोड़ की थी। हमले के मामले में अब तक 90 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तोड़फोड़ को लेकर भारत ने कड़ा एतराज जताया था। पाकिस्तान के अल्पसंख्यक नेताओं ने भी इसकी कड़ी निंदा की थी। मामला पाक सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। 

विज्ञापन


घटना रहीमयार खान जिले के भोंग शहर में चार अगस्त को हुई थी। भोंग शहर लाहौर से 590 किलोमीटर दूर है। सैकड़ों लोगों की भीड़ ने हाथों में लाठियां, पत्थर व ईंटें लेकर मंदिर पर धावा बोला था। लोगों ने मंदिर की मूर्तियां क्षतिग्रस्त कर दी थीं और दीवारें, दरवाजे तोड़ दिए थे। कुछ सामान को आग भी लगा दी थी। 

रहीम यार खान के जिला पुलिस अधिकारी असद सरफराज ने पीटीआई को बताया कि मंदिर की मरम्मत का काम पूरा हो गया है और इसे स्थानीय हिंदू समुदाय को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर अब पूजा आराधना के लिए पूरी तरह से दुरुस्त कर दिया गया है। 
विज्ञापन


मंदिर में तोड़फोड़ को लेकर भारत सरकार ने सख्त आपत्ति प्रकट की थी। गुरुवार को भारत ने दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास के प्रभारी को तलब कर विरोध दर्ज कराया था और घटना पर गहरी चिंता जताई थी। 
पाकिस्तान पुलिस ने मामले में 150 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब तक 90 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह मामला पाकिस्तान के सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा था। कोर्ट ने हमले को रोकने में विफल रहने के लिए पुलिस अधिकारियों की खिंचाई की और दोषियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। 

इस वजह से मंदिर पर हुआ था हमला
अदालत ने स्थानीय मदरसा में कथित तौर पर पेशाब करने के आरोप में गिरफ्तार आठ वर्षीय एक हिंदू लड़के को जमानत पर रिहा कर दिया था। इसके विरोध में भोंग इलाके में सैकड़ों लोगों ने उक्त मंदिर पर हमला किया था। 

पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय
पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय है। आधिकारिक अनुमान के अनुसार पाकिस्तान में 75 लाख हिंदू रहते हैं। जबकि समुदाय का दावा है कि हिंदुओं की संख्या 90 लाख से ज्यादा है। अधिकतर हिंदू सिंध प्रांत में रहते हैं। उनकी परंपरा, संस्कृति व भाषा स्थानीय मुस्लिम लोगों से मिलती जुलती है। वे उग्रवादियों द्वारा अक्सर प्रताड़ित किए जाने की शिकायतें करते हैं। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें