रिपोर्टों के मुताबिक, यह धमाका स्थानीय विद्यार्थियों को चीनी भाषा सिखाने वाले गैर-लाभकारी संस्थान कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट के पास एक वैन में हुआ। मृतकों में तीन चीनी महिलाएं हुआंग गुइपिंग, दिंग मपेंग और चेन साइ हैं जबकि एक अन्य वैन चालक खालिद शामिल है।
पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी में कराची विश्वविद्यालय परिसर के भीतर एक वैन में हुए धमाके में तीन चीनी महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। इस विस्फोट में कई अन्य घायल भी हुए हैं। आशंका है कि हमला चीनी भाषा पढ़ाने वाली शिक्षिकाओं को लक्षित करके किया गया। हमले की जिम्मेदारी बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने ली है।
विज्ञापन
रिपोर्टों के मुताबिक, यह धमाका स्थानीय विद्यार्थियों को चीनी भाषा सिखाने वाले गैर-लाभकारी संस्थान कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट के पास एक वैन में हुआ। मृतकों में तीन चीनी महिलाएं हुआंग गुइपिंग, दिंग मपेंग और चेन साइ हैं जबकि एक अन्य वैन चालक खालिद शामिल है। हुआंग की पहचान इंस्टीट्यूट की निदेशक के रूप में हुई है। पुलिस ने आशंका जताई कि संभव है, यह विस्फोट उन्हीं को लक्ष्य करके किया गया हो। इस दौरान दो लोग घायल हुए हैं जिनमें एक चीनी नागरिक वांग युकिंग है और दूसरा हामिद है। उर्दू भाषा के अखबार ‘जंग’ ने बताया कि वैन उन दो विदेशी नागरिकों को ला रही थी जो कराची विश्वविद्यालय में मौजूद आईबीए संस्थान में चीनी भाषा पढ़ाते हैं। सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने घटना पर दुख जताया है।
बुर्का पहनी महिला ने किया आत्मघाती हमला
डॉन अखबार ने आतंक रोधी विभाग के अधिकारी राजा उमर खत्ताब के हवाले से बताया कि यह आत्मघाती हमला एक महिला ने किया था, क्योंकि घटना स्थल पर बॉल बेयरिंग पाए गए थे। हमले के सीसीटीवी फुटेज में बुर्का पहने एक महिला कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट के प्रवेश द्वार के बाहर खड़ी दिख रही है। जैसे ही वैन संस्थान के प्रवेश द्वार के पास पहुंची महिला ने खुद को उड़ा लिया।
विज्ञापन
रिमोट नियंत्रित उपकरण का इस्तेमाल
जानकारी के मुताबिक, वैन के पीछे मोटरसाइकिल पर दो पाकिस्तानी रेंजर्स सवार थे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जिसमें आग की लपटों ने वैन पूरी तरह नष्ट होती दिखाई दी। बताया गया कि यह धमाका रिमोट नियंत्रित उपकरण से किया गया था। पुलिस व अर्धसैनिक बल के रेंजर घटनास्थल पर पहुंचे और इलाकों की घेराबंदी की।
पहले भी हुए चीनी लोगों पर हमले
यह पहली बार नहीं है जब चीनी नागरिक पाकिस्तान में आतंकी हमलों का निशाना बने हैं। पिछले वर्ष ग्वादर में सीपीईसी से जुड़ी एक सड़क के निर्माण में जुटे चीनी कर्मियों के काफिले पर हमला हुआ था जिसमें दो मौतें हुईं। इससे पूर्व खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चीनी इंजीनियरों को ले जा रही बस में धमाका हुआ, जिसमें 9 चीनी इंजीनियरों समेत 13 की मौत हुई। बाद में पाक ने मृतक परिजनों को समझौता शर्त न होने के बावजूद भारी हर्जाना भी अदा किया।