पाकिस्तान ने अपने देश में बनी सतह से सतह पर मार करने वाली बाबर क्रूज मिसाइल की उन्नत रेंज का सफल परीक्षण किया है। यह मिसाइल पिछली मिसाइल से दोगुनी क्षमता की है और 900 किलोमीटर तक हमला कर सकती है। पाकिस्तानी सेना ने परीक्षण की पुष्टि करते हुए बताया कि पुरानी मिसाइल के पास सिर्फ 450 किमी तक हमला करने की सीमित क्षमता थी। सेना ने कहा, बाबर मिसाइल उच्च सटीकता के साथ जमीन और समुद्र में भी लक्ष्य भेदने में सक्षम है।
पाकिस्तानी थल सेना ने एक बयान में कहा, बाबर मिसाइल जमीन पर और समुद्र में अधिक सटीकता से लक्ष्य को भेदने में सक्षम है। सेना के मुताबिक बाबर क्रूज मिसाइल 1बी के परीक्षण को सामरिक योजना प्रभाग के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल जकी मांज सहित वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने देखा।
भारत ने किया था ब्रह्मोस मिसाइल का परीक्षण
भारतीय वायुसेना ने हाल ही में लड़ाकू विमान सुखोई-30 एमके-1 में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के एयर वर्जन का सफल परीक्षण किया था। इस मिसाइल को पूरी तरह से देश में ही विकसित किया गया है। इसमें रैमजेट इंजन का उपयोग किया गया है, जो इसकी गति को बढ़ाती है और सटीकता और ज्यादा घातक बनाती है। इसकी सटीक रेंज 500 किलोमीटर है, जिसे और भी बढ़ाया जा सकता है। भविष्य में इसे मिग-29, तेजस और राफेल में भी तैनात करने की योजना है